नर्सिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद शासकीय अथवा निजी सेक्टर में सेवाओं के लिए छात्राएं पात्र नहीं हो पा रही हैं। 

रायपुर। नर्सिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद शासकीय अथवा निजी सेक्टर में सेवाओं के लिए छात्राएं पात्र नहीं हो पा रही हैं। लगभग 2 हजार छात्राओं ने नर्सिंग काउंसिल में पंजीयन के लिए आवेदन किया है, जो पिछले 6 माह से शासकीय प्रक्रियाओं में उलझा हुआ है। पंजीयन में हो रही देर पर विभागीय कामकाज की लेट लतीफी पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। प्रायवेट नर्सिंग कालेज एसोसिएशन द्वारा इसे लेकर काउंसिल के अध्यक्ष से भी गुहार लगाई गई है। 

सूत्रों के अनुसार, स्वास्थ्य विभाग के स्तर पर शासकीय अस्पतालों में रिक्त पदों की पूर्ती के लिए व्यापक भर्ती की तैयारी की जा रही है। मगर राज्य में नर्सिंग के विभिन्न पाठ्यक्रम में डिप्लोमा अथवा डिग्री लेने वाली करीब दो हजार छात्राएं इसके लिए पात्र नहीं हो पा रही हैं। इसकी एकमात्र वजह नर्सिंग काउंसिल में पंजीयन नहीं होना है। सूत्रों के मुताबिक पढ़ाई पूरी होने बाद प्रशिक्षण प्राप्त इन नर्सों का छत्तीसगढ़ नर्सिंग काउंसिल में पंजीयन होना आवश्यक है। इनके द्वारा करीब 6 माह पहले आवेदन किया जा चुका है मगर काउंसिल के अध्यक्ष के अनुमोदन अथवा हस्ताक्षर की वजह से पंजीयन नहीं हो पा रहा है। छात्राएं इसे लेकर कई बार नर्सिंग काउंसिल के कार्यालय के चक्कर लगा चुकी है मगर कोई संतोष पूर्ण जवाब नहीं मिल पाया है।

जांच की जा रही
संचालक स्वास्थ्य सेवाएं एवं अध्यक्ष सीजीएनआरसी संजीव झा ने बताया कि, 
पंजीयन के लिए आवेदन के साथ कालेज और पढ़ाई संबंधी दस्तावेजों की मांग की गई है। आवेदन की प्रक्रिया 6 नहीं एक महीने पहले पूरी की गई है। दस्तावेजों की डिमांड विद्यार्थियों की पढ़ाई की वास्तविकता का पता लगाने किया गया है क्योंकि पहले गड़बड़ी की शिकायत मिलती थी। बिना जांच आवेदनों पर रजिस्ट्रार के हस्ताक्षरों की जांच भी की जा रही है। इसके लिए कमेटी बनाई गई है जिसकी जांच के बाद दस्तावेज पूर्ण मिलने वाले के पंजीयन आवेदन पर साइन कर दिया जाएगा।

6 माह के भीतर उपयुक्तता नहीं तो प्रवेश नहीं
इधर, नर्सेस रजिस्ट्रेशन काउंसिल ने तमाम नर्सिंग कालेज को आईएनसी से 6 महीने के भीतर उपयुक्तता प्राप्त करने स्मरण पत्र जारी किया है। रजिस्ट्रार दुर्गा कुंजाम ने बताया कि आदेशों के अनुसार छत्तीसगढ़ नर्सेस रजिस्ट्रेशन काउंसिल रायपुर से मान्यता लेने के 6 माह के भीतर भारतीय उपचर्या परिषद से उपयुक्तता प्राप्त करना अनिवार्य होगा। उपयुक्तता प्राप्त कर अथवा आवेदन की प्रति छत्तीसगढ़ नर्सेस रजिस्ट्रेशन काउंसिल में प्रस्तुत करने के उपरांत ही शैक्षणिक सत्र 2026-27 में प्रवेश के लिए मान्यता संबंधी कार्यवाही की जाएगी।