अमित गुप्ता- रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आई है। घरघोड़ा थाना क्षेत्र में कुरकुट नाला के पास दो ट्रेलरों की आमने-सामने टक्कर के बाद भयंकर आग लग गई, जिसमें एक चालक की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग दहशत में आ गए।
मिली जानकारी के अनुसार, घरघोड़ा थाना क्षेत्र के कुरकुट नाला के पास आमने-सामने आ रहे दो ट्रेलर तेज रफ्तार में टकरा गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि, दोनों वाहनों में तुरंत आग लग गई। एक ट्रेलर में कोयला और दूसरे में सरिया लोड था, जिससे आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया।
रायगढ़ जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र में कुरकुट नाला के पास दो ट्रेलरों की आमने-सामने टक्कर के बाद भीषण आग लग गई।@RaigarhDist#Chhattisgarh #Fire #accident pic.twitter.com/ahNRYPqJRJ
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) March 1, 2026
मामले की तफ्तीश में जुटी पुलिस
हादसे में एक ट्रेलर चालक आग की चपेट में आ गया और जिंदा जलकर उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि, स्थानीय लोग चाहकर भी चालक को बचा नहीं सके। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। वहीं घरघोड़ा पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और जांच शुरू कर दी है।








