श्याम किशोर शर्मा- नवापारा। छत्तीसगढ़ के नवापारा में रामनवमी के पावन अवसर पर शहर का माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो उठा। जब शीतला पारा स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में महिलाओं द्वारा सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा पाठ का भव्य आयोजन किया गया। विश्व शांति, सद्भावना और सकारात्मक ऊर्जा की कामना के साथ आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम ने पूरे क्षेत्र को श्रद्धा और आस्था से सराबोर कर दिया।
सालासर हनुमान चालीसा जनकल्याण समिति एवं सर्व ब्राह्मण समाज की महिलाओं के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में माताओं-बहनों ने भाग लिया। वर्तमान समय में विश्वभर में व्याप्त अशांति, युद्ध और विभिन्न चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए सभी महिलाओं ने श्रद्धा भाव से हनुमान चालीसा का पाठ कर विश्व कल्याण की प्रार्थना की।
शहर के अनेक श्रद्धालु भी मंदिर पहुंचे
कार्यक्रम के दौरान 108 राम नाम जप माला, भजन-कीर्तन और आरती का आयोजन भी किया गया। भक्तों ने भगवान हनुमान जी से प्रार्थना की कि उनका आशीर्वाद समस्त संसार पर बना रहे और सभी के जीवन में सुख, शांति एवं मंगल का वास हो। इस अवसर पर शहर के अनेक श्रद्धालु भी मंदिर पहुंचे। उन्होंने भगवान हनुमान जी के दर्शन कर प्रसाद ग्रहण किया और इस पुण्य आयोजन का हिस्सा बने। पूरे मंदिर परिसर में भक्ति और सकारात्मक ऊर्जा का विशेष संचार देखने को मिला।
महोत्सव में इनकी रही भागीदारी
इस हनुमान चालीसा महोत्सव में सर्व ब्राह्मण समाज की अध्यक्ष तारिणी शर्मा के नेतृत्व में रेनुका तिवारी, नीरजा पांडे, अनीमा मिश्रा, रुचि शर्मा, रानी पांडे, पूजा शर्मा, हितेश्वरी द्विवेदी, स्वाति उपाध्याय, रश्मि तिवारी, ऐश्वर्या शर्मा, शीला दुबे, ममता मिश्रा, नेहा शर्मा, शैल तिवारी, कल्पना पांडे, अंजू तिवारी, आयुषी शर्मा, किरण तिवारी, वर्षा मिश्रा, प्रतिभा शर्मा सहित अनेक महिलाओं की सक्रिय भागीदारी रही।
अध्यक्ष तारिणी ने श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया
उल्लेखनीय है कि, यह प्राचीन हनुमान मंदिर आदर्श कॉलोनी नवापारा स्थित मुक्ति शर्मा के निवास स्थान के समीप है, जहां यह पूरा आयोजन अत्यंत श्रद्धा और भव्यता के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम के अंत में सालासर सुंदरकांड जनकल्याण महिला समिति एवं सर्व ब्राह्मण महिला मंडल की अध्यक्ष तारिणी शर्मा ने आयोजक परिवार, विप्र बहनों और उपस्थित श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए समाज के सभी वर्गों से ऐसे धार्मिक आयोजनों में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील की।