कोरबा के कटघोरा वन क्षेत्र में अवैध 11 केवी बिजली लाइन की चपेट में आने से भालू और दो शावकों की मौत, अधिकारियों पर कार्रवाई की तैयारी और पर्यावरणविदों ने सख्त कदम की मांग की।

उमेश यादव - कोरबा। कटघोरा वन परिक्षेत्र अंतर्गत केंदई में करंट लगने से भालू और उसके दो शावकों की मौत का दर्दनाक मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार खेतों के पास अवैध रूप से स्थापित 11 केवी विद्युत लाइन के संपर्क में आने से तीनों वन्यजीवों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना ने वन विभाग और स्थानीय प्रशासन में हड़कंप मचा दिया है।

अवैध विद्युत लाइन बनी खतरा
जांच में सामने आया कि जिस 11 केवी लाइन की चपेट में ये वन्यजीव आए, वह अवैध रूप से खींची गई थी। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में कई बार ऐसी शिकायतें मिलती रही हैं, लेकिन इस हादसे ने सुरक्षा खामियों को फिर उजागर कर दिया है। वन विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि यह लाइन किसने और किस उद्देश्य से लगवाई थी।

जिम्मेदार अधिकारियों पर होगी कानूनी कार्रवाई
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस घटना में लापरवाही बरतने वाले संबंधित बिजली विभाग के अधिकारियों और लाइन स्थापित करने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच रिपोर्ट के आधार पर FIR और आगे की दंडात्मक प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

पर्यावरणविदों ने घटना पर जताई कड़ी नाराजगी
स्थानीय पर्यावरणविदों और वन्यजीव संरक्षण से जुड़े लोगों ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि अवैध बिजली लाइनों के कारण वन्यजीव लगातार खतरे में हैं, और इस मामले में केवल कार्रवाई ही नहीं, बल्कि क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण और जोखिम वाले इलाकों की तुरंत पहचान भी आवश्यक है।
उन्होंने वन विभाग और बिजली विभाग से संयुक्त अभियान चलाने की मांग की है।