जशपुर जिले में सिंगीबहार मेन रोड पर ट्रक और बाइक की आमने-सामने टक्कर में शिक्षक धनंजय कुमार मिश्रा की मौत, क्षेत्र में शोक की लहर।

खुर्शीद कुरैशी - जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक भीषण सड़क हादसे में शिक्षक धनंजय कुमार मिश्रा की दर्दनाक मौत हो गई। वे प्रतिदिन की तरह घर से स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय फरसाबहार के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में उनकी बाइक की ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई।

कैसे हुआ हादसा
हादसा सिंगीबहार मेन रोड के पास उस समय हुआ, जब सामने से आ रहे ट्रक ने अचानक उनकी बाइक को टक्कर मार दी। ट्रक चालक नसीम अंसारी धमधा (रायपुर) से अंडा लोड कर रामगढ़ की ओर जा रहा था। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मिश्रा गंभीर रूप से घायल हो गए।

अस्पताल ले जाते समय टूटी सांस
स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुँचाया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही तपकरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने ट्रक और चालक को हिरासत में ले लिया है तथा मामले की जांच जारी है।

विद्यालय और क्षेत्र में शोक का माहौल
धनंजय कुमार मिश्रा के अचानक निधन से विद्यालय के शिक्षक-कर्मचारी, विद्यार्थी और ग्रामीण गहरे सदमे में हैं। सभी ने उन्हें एक सरल, मिलनसार, शांत और कर्तव्यनिष्ठ शिक्षक बताया। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।