रायपुर। होली के दौरान खाद्य पदार्थों की जांच के लिए निकली खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने बस स्टैण्ड में नकली होने के संदेह में शहद जब्त किया है। बिहार की महिला 37 कंटेनरों में शहद भरकर रायपुर पहुंची थी, जिसकी कीमत 2.30 लाख रुपए आंकी गई है। शहद की गुणवत्ता की जांच के लिए सैंपल लिए गए हैं। वहीं त्योहार के मद्देनजर बाजार से मिठाई, खोवा,पेड़ा सहित अन्य खाद्य पदार्थों के 20 से ज्यादा लीगल सैंपल लिए गए हैं। खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम को सूचना मिली थी कि एक महिला बस से उतरी है, जिसके पास काफी मात्रा में कंटेनर है। टीम ने जाकर नूरजहां खातून नामक महिला से पूछताछ की, तो उसने बताया कि वह हजारीबाग की रहने वाली है शहद बेचने यहां आई है। 37 कंटेनरों में करीब साढ़े पांच सौ लीटर शहद देखकर संदेह हुआ।
इस आधार पर 2.30 लाख रुपए कीमती शहद जब्त किया गया है और उसकी गुणवत्ता परखने के लिए सैंपल जांच के लिए भेजा है। अभिहित अधिकारी विनोद कुमार गुप्ता ने बताया कि इसके अलावा त्योहार में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए बाजार में लगातार जांच की जा रही है और संदेह होने पर मिठाई, खोवा सहित अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता परखने के लिए विधिक नमूने उठाए गए हैं। पिछले सप्ताहभर से की जा रही जांच के दौरान सुपर स्वीटस से लूज पेड़ा, बीकानेर मिठाईवाला से लूज खोवा, शारदा डेयरी एंड फूड प्रोडक्ट से पेड़ा, न्यू जनता स्वीट्स एंड बेकर्स से खोवा, जगदम्बा बीकानेर स्वीट्स से काजू कतली, कृष्णा स्वीट्स से बेसन लड्डू मीठा महल से पिस्ता बिस्किट एवं बेसन लड्डु, न्यू जनता होटल से कलाकंद का विधिक नमूना लिया गया। अभिहित अधिकारी विनोद गुप्ता के नेतृत्व में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कंचन वर्मा खाद्य सुरक्षा अधिकारी
सतीश राज एवं संतोष ध्रुव, नमूना सहायक सुजीत मुखर्जी, निधि यादव, होरेन्द्र प्रकाश देवांगन राकेश घिदौड़े की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।
दोसा, स्टीम राइस, ब्रेड भी जांच के दायरे में
खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने कैफे बेंगलुरु से मसाला दोसा, न्यू नाईस बेकरी से नाइस ब्रेड के अलावा अन्य दुकानों से नारियल चटनी, छोले और भटोरे, रोज ड्राई फूटस लड्डू, रेड खजूर, वेज सैंडविच का निगरानी नमूना लिया गया। इसी तरह चलित खाद्य प्रायोगशाला से 94 खाद्य नमूना संग्रहित कर मौके पर परीक्षण किया गया। जिसमें 87 नमूने मानक, 05 नमूने अमानक एवं 02 नमूने मिथ्याछाप पाये गये।
पान दुकानों से जब्त हुआ गुटखा
जांच टीम इस अपने अभियान के दौरान जय दुर्गा पान मसाला से पान पसंद के 15 पैकेट, पान राज 62 पैकेट और सितार के 53 पैकेट जब्त किया। जिसका अनुमानित मूल्य 26000 हजार रुपए आंका गया है। करीब बीस दिन पहले खमतराई इलाके के रावांभाठा ट्रांसपोर्ट नगर में 170 बोरी प्रतिबंधित सितार गुटखा बरामद किया गया था। इसकी अनुमानित कीमत 25 लाख रुपए आंकी गई थी। मामले में एक खिलाफ खिलाफ ने पुलिस में एफआईआर भी कराई गई थी ।