कांग्रेस पार्टी ने फरसगांव की फूलो देवी नेताम को दोबारा राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया। बस्तर संभाग में खुशी का माहौल है।

कुलजोत सिंह संधू- फरसगांव। छत्तीसगढ़ की राजनीति से बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल, कांग्रेस पार्टी ने फूलो देवी नेताम को राज्यसभा के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया है। उनके नाम की घोषणा होते ही बस्तर संभाग सहित उनके गृह क्षेत्र में खुशी की लहर है। वहीं फूलो देवी नामांकन प्रक्रिया के लिए रवाना हो गई हैं। इस दौरान उनके साथ भूपेश बघेल भी मौजूद रहे। 

मिली जानकारी के अनुसार, बस्तर संभाग के फरसगांव से आने वाली फूलो देवी नेताम को दोबारा राज्यसभा का उम्मीदवार बनाए जाने पर गांव और आसपास के क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और बधाइयाँ देकर खुशी जताई और सड़क पर आतिशबाजी भी की।

 बस्तर संभाग के लिए गर्व की बात
स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि, यह पूरे बस्तर संभाग के लिए गर्व की बात है। फूलो देवी नेताम लंबे समय से क्षेत्र की सक्रिय नेता रही हैं और आदिवासी समाज सहित आम लोगों के मुद्दों को मजबूती से उठाती रही हैं। पार्टी के इस फैसले को संगठन में उनके अनुभव और क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व के तौर पर देखा जा रहा है। अब सबकी निगाहें राज्यसभा चुनाव की प्रक्रिया पर टिकी हैं।

राज्यसभा नामांकन के लिए रवाना हुईं फूलोदेवी नेताम
गौरतलब है कि, फूलो देवी नेताम नामांकन प्रक्रिया के लिए अपने रायपुर स्थित बंगले से रवाना हो गईं। इस दौरान उनके साथ भूपेश बघेल भी मौजूद रहे। रवाना होने से पहले उन्होंने कहा कि, पार्टी ने उन्हें एक बार फिर मौका दिया है, जिसके लिए वे सभी का आभार व्यक्त करती हैं। मीडिया से बातचीत में फूलो देवी नेताम ने कहा कि, उन्होंने हमेशा पार्टी के एक कार्यकर्ता के रूप में काम किया है और संगठन ने उन पर भरोसा जताते हुए एक बार फिर जिम्मेदारी दी है। उन्होंने इसके लिए पार्टी नेतृत्व और सभी समर्थकों का धन्यवाद किया। 

महिलाओं की सुरक्षा और शिक्षा प्रमुख मुद्दे- फूलो देवी
फूलो देवी नेताम ने कहा कि, जब भी उन्हें राज्यसभा में बोलने का मौका मिला, उन्होंने अपने क्षेत्र और प्रदेश के मुद्दों को मजबूती से उठाया है। आगे भी उसी निष्ठा और समर्पण के साथ काम जारी रखेंगी। उन्होंने कहा कि, आने वाले समय में महिलाओं की सुरक्षा और शिक्षा उनके लिए प्रमुख मुद्दे रहेंगे। साथ ही उनका लक्ष्य बस्तर क्षेत्र के विकास और उसे आगे बढ़ते देखने का है।