जगदलपुर। सेंट्रल जेल से सीएएफ का बर्खास्त जवान व सजायाफ्ता बंदी बुधवार की शाम उंची दीवार को फांद कर फरार हो गया। बंदी के दीवार फांदकर फरार होने की खबर मिलते ही जेल विभाग में हड़कंप मच गया। इसकी खबर तत्काल कोतवाली थाना में दी गई। जिसके बाद उसे खोजने के लिए जेल व पुलिस विभाग सक्रिय हो चुका है और उसकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
कोतवाली थाना प्रभारी भोला सिंह राजपूत ने बताया कि केंद्रीय जेल अधीक्षक अक्षय तिवारी ने फोन पर कैदी के फरार होने की जानकारी दी। इसके बाद आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। आरोपी कैदी की तलाश शुरू कर दी गई है। देर रात तक पुलिस जवान जेल के आसपास के इलाके में खोजबीन करते रहे लेकिन उसका सुराग नहीं लग पाया। फरार कैदी की पहचान महेंद्र दीवान 32 वर्ष के रूप में हुई है जो कांकेर का निवासी बताया जा रहा है। वह चोरी के मामले में पिछले एक साल से जगदलपुर केंद्रीय कारागार में बंद था।
बताया जा रहा है कि आरोपी पहले भी दंतेवाड़ा व कार्केर जिला जेल से फरार हो चुका है। चोरी के मामले में उसे पांच साल की सजा हुई थी और 4 जनवरी 2026 को उसे जिला जेल दंतेवाड़ा से केन्द्रीय जेल जगदलपुर ट्रांसफर किया गया था। सूत्रों के अनुसार इससे पहले भी उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज डिमरापाल ले जाया गया था जहां से वह कुछ समय के लिए फरार हो गया था।










