धमतरी जिले के जिला अस्पताल के पीछे किराए के मकान में कॉलोनी वासियों ने 5 युवक- युवतियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। यहाँ देह व्यापर की आशंका जताई जा रही है।

सौम्या यादव- धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। जहां शहर के नंदा हॉस्पिटल गली में स्थित एक किराए के मकान में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर कॉलोनीवासियों ने तीन युवकों और दो युवतियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग सिटी कोतवाली थाना पहुंचकर मामले में उचित कार्रवाई की मांग करने लगे। 

मिली जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों को लंबे समय से मकान में संदिग्ध गतिविधियों की आशंका थी। इसी के चलते कॉलोनीवासियों ने पुलिस को सूचना दी और मौके पर पहुंचकर तीन युवक व दो युवतियों को पकड़ लिया। बाद में उन्हें पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया। मौके से कुछ लोगों की भागने की भी खबर है। फिलहाल, पुलिस सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। मामले में अभी तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार का भंडाफोड़
वहीं पिछले महीने राजनांदगांव शहर के प्रतिष्ठित होटल ट्रिनिटी में चल रहे सनराइज स्पा में देह व्यापार की सूचना पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। CSP मयंक मिश्रा के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस और साइबर टीम ने संयुक्त दबिश देकर स्पा संचालक और होटल मैनेजर को मौके से पकड़ा। जांच के दौरान स्पा के कमरों से तीन महिलाएं मिलीं, जिससे इस अवैध कारोबार की पुष्टि हुई।

7वीं मंजिल के स्पा में रेड
पुलिस टीम ने होटल की सातवीं मंजिल पर संचालित सनराइज स्पा में दबिश दी। पहले से लगातार सूचना मिल रही थी कि स्पा की आड़ में ग्राहकों को लड़कियां उपलब्ध कराई जा रही हैं। अंदर पहुंचते ही टीम ने कई कमरों की जांच की, जहां आपत्तिजनक गतिविधियों के संकेत मिले।

कमरों में मिलीं 3 महिलाएं
रेड के दौरान स्पा के अलग-अलग कमरों में तीन महिलाएं मिलीं। पुलिस ने उनकी उपस्थिति को आधार बनाते हुए मौके के हालात और कमरे की स्थिति का निरीक्षण किया, जिससे अवैध देह व्यापार चलने की पुष्टि हुई।

संचालक और मैनेजर की गिरफ्तारी
कार्रवाई के बाद स्पा संचालक विनयकांत बरगट और होटल मैनेजर देवेंद्र सिंह को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में स्पा संचालन के नाम पर देह व्यापार कराए जाने की जानकारी सामने आई। दोनों पर आपराधिक मामला दर्ज कर लिया गया है।

PITA एक्ट के तहत अपराध दर्ज
टीम ने छापेमारी के दौरान कमरे और रिसेप्शन क्षेत्र से आपत्तिजनक सामग्री जप्त की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ पीटा एक्ट की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत प्रकरण कायम किया गया है।

SSP का स्पष्ट संदेश- अवैध गतिविधियों पर नहीं मिलेगी राहत
SSP शशि मोहन सिंह ने कहा कि, शहर में देह व्यापार, जुआ-सट्टा, अवैध शराब और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने साफ किया कि पुलिस किसी भी अवैध कारोबार को बढ़ने नहीं देगी।