रायपुर। छत्तीसगढ़ में राज्यसभा की दो सीटों के लिए चुनाव ऐलान हो गया है। सदन में संख्या बल के आधार पर एक सीट कांग्रेस और दूसरी भाजपा को जाना तय है। भाजपा ने एक कदम आगे बढ़ते हुए दावेदारों के नामों का पैनल बना लिया है। पार्टी ने अनुसूचित जाति, सामान्य और पिछड़ा वर्ग के नेताओं को पैनल में जगह दे दी है। कांग्रेस में अब तक नामों पर केवल चर्चाएं ही हैं। वहीं सूत्र बता रहे हैं कि भाजपा हरियाणा की तर्ज पर दो सीटों के लिए उम्मीदवार उतार सकती है। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने खुद को राज्यसभा की दौड़ से बाहर होने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने कहा कि मैं विधायक हूं और राष्ट्रीय महासचिव भी, इसलिए राज्यसभा की दौड़ में नहीं हूं।
उल्लेखनीय है कि, राज्यसभा के उम्मीदवारों के नाम का ऐलान दिल्ली से ही होना है। छत्तीसगढ़ भाजपा और कांग्रेस संगठन यहां से पैनल बनाकर हाईकमान के पास भेजेंगे। उम्मीदवारी का ऐलान हाईकमान करेगा। भाजपा इस मामले में कांग्रेस से आगे चल रही है। भाजपा ने पैनल तैयार कर लिया है। सामान्य पिछड़ा और अनुसूचित जाति के सात नामों का पैनल तैयार किया गया है। मुख्यमंत्री आदिवासी वर्ग से हैं सो माना जा रहा है कि राज्यसभा में दूसरे वर्गों के नेताओं को ही मौका मिलेगा।
कांग्रेस में भी उमरी है दावेवारी
कांग्रेस की ओर से राज्यसभा के लिए दावेदारों के नाम सियासी हवा में तैर रहे हैं। इनमें पूर्व मंत्री, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम का नाम शामिल है, वे आदिवासी समुदाय से आते हैं। राजनीतिक प्रेक्षकों की मानें तो राज्य सभा सीट के लिए दावेदारों में विधानसमा अध्यक्ष डा. चरणदास महंत का नाम भी है। वे ओबीसी समुदाय से हैं. दावेदारी के अगले कम में पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव का नाम है, वे सामान्य वर्ग के हैं। कांग्रेस में एक और दावेदार के रूप में पूर्व मंत्री अमरजीत भगत का नाम चर्चा में है। इनके अलावा मौजूदा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज भी दावेदारी में है।
ये है भाजपा का पैनल
राज्य भाजपा इकाई ने इस चुनाव के लिए जो पैनल तैयार किया है उसमें एससी, सामान्य और ओबीसी वर्ग के नेता शामिल किए गए हैं। एससी वर्ग से पूर्व मंत्री कृष्णमूर्ति बांधी, पूर्व विधायक नवीन मारकंडेय गंगूराम बघेल की पुत्री किरण बघेल का नाम है। वहीं सामान्य वर्ग से पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, प्रबल प्रताप जूदेव, वरिष्ठ नेत्री सरोज पांडेय का नाम है, वे पूर्व में भी राज्यसभा सदस्य रह चुकी हैं। ओबीसी वर्ग से पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण सिंह चंदेल पैनल में शामिल किया गया है।