बलौदा बाजार के पलारी थाने में 36 वर्षीय दुष्कर्म पीड़िता ने पुलिस की जांच प्रक्रिया से तनाव में आकर जहर पी लिया, पुलिस ने तुरंत अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाई।

कुश अग्रवाल - बलौदा बाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले के पलारी थाना परिसर में गुरुवार दोपहर एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। दुष्कर्म मामले की 36 वर्षीय पीड़िता ने मानसिक तनाव के चलते थाने के भीतर ही कीटनाशक पीकर आत्महत्या का प्रयास किया। अचानक हुई इस घटना से पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया और तत्काल राहत-रिस्पांस शुरू किया गया।

दुष्कर्म मामले में पहले ही दर्ज थी शिकायत
पीड़िता ने 24 फरवरी की रात अपने ही गांव के एक परिचित पर दुष्कर्म का आरोप लगाया था। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी थी। इसी बीच गुरुवार को पीड़िता दोबारा थाने पहुंची थी।

थाने में ही पी लिया जहर, मच गई अफरा-तफरी
पीड़िता अपने साथ कीटनाशक लेकर आई थी और बातचीत के दौरान अचानक उसने थाने परिसर में ही जहर पी लिया। इस घटना से पलारी थाना में अफरा-तफरी मच गई और पुलिसकर्मियों के होश उड़ गए।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बची महिला की जान
पुलिस ने तत्काल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। अस्पताल में उपचार मिलने के बाद महिला की स्थिति अब सामान्य बताई जा रही है। पुलिस ने पीड़िता और उसके पति का बयान भी दर्ज कर लिया है।

जांच प्रक्रिया से असंतुष्ट थी पीड़िता
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, पीड़िता जांच प्रक्रिया से असंतुष्ट थी और इसी तनाव में आकर उसने यह कदम उठाया। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और घटना के पीछे की पूरी परिस्थितियों की पड़ताल जारी है।