Kaimur News: बिहार के कैमूर जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां पति के वियोग में एक महिला ने अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। अधौरा थाना क्षेत्र के खामकला गांव की रहने वाली हेवंती देवी ने पति की आकस्मिक मौत का सदमा न झेल पाने के कारण सुगनिया जंगल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
क्या है पूरा मामला?
घटना की शुरुआत 18 फरवरी 2026 की शाम को हुई, जब मृतका हेवंती देवी के पति हीरा लाल सिंह उत्तर प्रदेश के खलियारी बाजार से लौट रहे थे। सती माई स्थान के पास उनकी बाइक सड़क हादसे का शिकार हो गई, जिसमें हीरा लाल की मौत हो गई।
पति की इस अचानक मौत ने 36 वर्षीया हेवंती को गहरा मानसिक आघात पहुंचाया। परिजनों के अनुसार, वह शुक्रवार सुबह घर से शौच का बहाना बनाकर निकली थी, लेकिन जब घंटों बीतने के बाद भी वापस नहीं लौटी, तो परिवार वालों ने उनकी तलाश शुरू की।
जंगल में महुआ के पेड़ से लटका मिला शव
काफी खोजबीन के बाद ग्रामीणों ने सुगनिया जंगल में एक महुआ के पेड़ से लटकती हुई लाश देखी। मृतका ने अपनी साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या की थी। घटनास्थल पर उसकी चप्पलें पेड़ के नीचे पड़ी मिलीं और एक हरे रंग की शाल टहनी पर रखी हुई थी।
सूचना मिलते ही अधौरा थाने के पीएसआई वीरेंद्र कुमार उरांव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कागजी कार्रवाई पूरी की और शनिवार को भभुआ के सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
दो बार विधवा होने का अभिशाप
हेवंती देवी का जीवन संघर्षों और दुखों से भरा रहा। यह उसकी दूसरी शादी थी। आठ साल पहले उसकी पहली शादी रामचंद्र खरवार से हुई थी, जिससे उसे एक बेटी भी है। लेकिन चार साल पहले रामचंद्र ने भी किसी विवाद के चलते पिपरा जंगल में खुदकुशी कर ली थी।
पहले पति की मौत के दो साल बाद हेवंती ने हीरा लाल खरवार से दूसरी शादी की थी। नियति का क्रूर खेल देखिए कि उसके दूसरे पति की भी मौत हो गई और अंततः सदमा न झेल पाने के कारण हेवंती ने भी वही रास्ता चुना जो उसके पहले पति ने चुना था।
गांव में पसरा सन्नाटा
हेवंती की मौत के बाद उसकी मासूम बेटी अब पूरी तरह बेसहारा हो गई है, जो फिलहाल अपने दादा दशरथ खरवार के पास रह रही है। मृतका के ससुर शिवचरण सिंह ने बताया कि पूरा परिवार अभी बेटे की मौत के गम से उबर भी नहीं पाया था कि बहू के इस आत्मघाती कदम ने घर को पूरी तरह तबाह कर दिया।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और इसे मानसिक अवसाद व सदमे के कारण की गई आत्महत्या मान रही है।