Jamui Crime News: बिहार के जमुई जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। एक सनकी पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी और खुद पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। यह खौफनाक घटना शनिवार रात टाउन थाना क्षेत्र के अमरथ नया मोहल्ला में हुई, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
वारदात के बाद थाने पहुंचा कातिल पति
जमुई के अमरथ नया मोहल्ला निवासी इरफान अंसारी ने शनिवार की देर रात अपनी पत्नी तरन्नुम उर्फ तराना की तेज धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद आरोपी पति भागने के बजाय सीधे टाउन पुलिस स्टेशन पहुंचा और पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल करते हुए सरेंडर कर दिया। पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में ले लिया और रविवार सुबह घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू की।
बेटे की चाहत बनी हत्या की वजह
मृतका के पिता अनवर अंसारी ने पुलिस को बताया कि तराना की शादी साल 2018 में इरफान से हुई थी। शादी के बाद तराना ने तीन बेटियों को जन्म दिया। इरफान को बेटे की चाहत थी और इसी बात को लेकर वह अक्सर अपनी पत्नी के साथ मारपीट और उसे प्रताड़ित करता था।
परिजनों का आरोप है कि कुछ महीने पहले भी इरफान ने तराना को जान से मारने की कोशिश की थी, जिसके बाद अस्पताल में उसका इलाज हुआ था। उस समय समझौते के बाद तराना वापस ससुराल गई थी, लेकिन इरफान के जुल्म कम नहीं हुए।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए अहम सबूत
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ सतीश सुमन और थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार ने मौके का मुआयना किया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार बरामद कर लिया है। साक्ष्य इकट्ठा करने के लिए फॉरेंसिक टीम (FSL) को भी बुलाया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह मामला घरेलू विवाद और बेटे की चाहत से जुड़ा लग रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
परिजनों ने ससुराल वालों पर लगाया आरोप
तराना के मायके वालों का दावा है कि इस हत्या में इरफान के साथ ससुराल के अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। पुलिस ने मृतका के पिता के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है और सभी संदिग्ध पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी पति से पूछताछ जारी है और जल्द ही इस मामले में अन्य दोषियों की संलिप्तता का पता लगा लिया जाएगा।










