छपरा में जमीन विवाद के चलते एक दंपती ने तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। इस हादसे में पति के सिर में सरिया घुसने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल है।

Chhapra (Saran) Crime News: बिहार के सारण जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ जमीन विवाद के चलते उपजे घरेलू कलह ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया। नगर थाना क्षेत्र के राजेंद्र सरोवर के पास एक किराए के मकान में रहने वाले पति-पत्नी ने आपसी बहस के बाद तीसरी मंजिल की छत से छलांग लगा दी। इस आत्मघाती कदम में पति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही है।

सिर के आर-पार हुआ सरिया, मौके पर ही थमी सांसें
मृतक की पहचान खैरा थाना क्षेत्र के पटेढ़ा निवासी पिंटू सिंह के रूप में हुई है, जो पेशे से वेल्डर था और शहर में बन रहे डबल डेकर पुल निर्माण कार्य से जुड़ा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जब दोनों ने छत से छलांग लगाई, तो पिंटू का सिर नीचे की ओर निकले एक लोहे के सरिये (छड़) से जा टकराया। सरिया सिर के आर-पार हो गया, जिससे उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं उसकी पत्नी प्रिया सिंह झाड़ियों में गिरी, जिससे उसकी जान तो बच गई लेकिन पैर में गंभीर फ्रैक्चर आया है।

जमीन बेचने को लेकर बढ़ा था विवाद
अस्पताल में भर्ती प्रिया सिंह ने बताया कि विवाद की जड़ पैतृक जमीन थी। पिंटू अपने चचेरे भाइयों को जमीन बेचना चाहता था, जिसका विरोध प्रिया और उसके मायके वाले कर रहे थे। हाल ही में छठ पूजा के बाद गांव से लौटने पर यह बहस और तेज हो गई। बुधवार की रात विवाद इतना बढ़ गया कि आवेश में आकर दोनों ने यह खौफनाक कदम उठा लिया। प्रिया का आरोप है कि बहस के दौरान धक्का-मुक्की हुई और फिर दोनों नीचे गिर पड़े।

4 साल पहले हुई थी शादी, पीछे छूटा मासूम बेटा
स्थानीय लोगों के अनुसार, पिंटू और प्रिया की शादी करीब चार साल पहले हुई थी। उनका एक छोटा बेटा भी है, जो फिलहाल पारिवारिक कलह की वजह से अपने ननिहाल में रहता है। बताया जा रहा है कि प्रिया कुछ समय पहले इंदौर में अपने माता-पिता के साथ भी रही थी। पति-पत्नी के बीच अक्सर छोटे-मोटे झगड़े होते रहते थे, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि इसका अंत इतना वीभत्स होगा।

पुलिसिया कार्रवाई और छानबीन जारी
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुँची और दोनों को झाड़ियों से निकालकर सदर अस्पताल पहुँचाया। पुलिस ने पिंटू के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है और पड़ोसियों के साथ-साथ घायल पत्नी का बयान दर्ज किया जा रहा है ताकि घटना की असली वजह साफ हो सके।