अमित शाह ने अररिया में बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि बंगाल में बीजेपी की सरकार बनेगी। उन्होंने घुसपैठियों को बाहर निकालने और सीमा पर बाड़ लगाने को नई सरकार का पहला टास्क बताया है।

Amit Shah Bihar Visit: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने बिहार दौरे के दूसरे दिन सीमांचल के अररिया से पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने हुंकार भरते हुए कहा कि बंगाल के आगामी विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की जीत निश्चित है और वहां हमारी सरकार बनना तय है। शाह ने स्पष्ट किया कि बंगाल में बीजेपी सरकार का पहला और सबसे महत्वपूर्ण कार्य घुसपैठ को पूरी तरह समाप्त करना होगा।

बंगाल की नई सरकार का पहला टास्क तय
किशनगंज से अररिया पहुंचे अमित शाह ने एसएसबी (SSB) के नवनिर्मित बॉर्डर आउटपोस्ट 'लेट्टी' और 'इंदरवा' का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने बंगाल चुनाव पर बड़ा बयान देते हुए कहा कि वहां भाजपा की सरकार बनते ही सीमा पर बाड़ लगाने का काम पूरा किया जाएगा।

शाह ने जोर देकर कहा कि अवैध घुसपैठियों को चुन-चुनकर बाहर का रास्ता दिखाना हमारा चुनावी वादा नहीं, बल्कि सरकार की पक्की घोषणा है। उन्होंने बिहार चुनाव का उदाहरण देते हुए कहा कि जनता ने घुसपैठ के मुद्दे पर ही एनडीए को प्रचंड बहुमत दिया है, क्योंकि ये घुसपैठिए देश की जनता का हक मार रहे हैं।

वाइब्रेंट विलेजेज प्रोग्राम और सुरक्षा समीक्षा
अमित शाह अररिया कलेक्ट्रेट में 'वाइब्रेंट विलेजेज प्रोग्राम-2' के कार्यान्वयन को लेकर एक उच्च स्तरीय बैठक करेंगे। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य सीमावर्ती गांवों का सर्वांगीण विकास करना है। इसके अलावा, शाह राज्य के सात सीमावर्ती जिलों के डीएम और एसपी के साथ सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करेंगे।

इन बैठकों में केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन, एसएसबी के डीजी और आईजी सहित बिहार के आला अधिकारियों के शामिल होने की संभावना है। 26 फरवरी की रात वे पूर्णिया में विश्राम करेंगे और 27 को भारत-नेपाल सीमा से जुड़े मुद्दों पर अधिकारियों के साथ पटना या पूर्णिया में चर्चा कर सकते हैं।

घुसपैठ और अतिक्रमण पर कड़ा प्रहार
गृह मंत्री ने सीमांचल की जनता को उनके वादों की याद दिलाते हुए कहा कि सरकार घुसपैठियों को बाहर भेजने के लिए दृढ़ संकल्पित है और इसके लिए जनता का सहयोग जरूरी है। उन्होंने बताया कि केंद्र और बिहार सरकार सुरक्षा संगठनों के साथ मिलकर एक ठोस कार्ययोजना तैयार कर रही है। घुसपैठियों को चिह्नित करने के साथ-साथ अवैध अतिक्रमणों को भी खाली कराया जाएगा।

शाह ने कहा कि घुसपैठ न केवल सुरक्षा के लिए खतरा है, बल्कि यह किसी भी देश की संस्कृति, इतिहास और भूगोल को भी नकारात्मक रूप से प्रभावित करता है।

एसएसबी की भूमिका की सराहना
समारोह के दौरान अमित शाह ने देश की आंतरिक सुरक्षा में सशस्त्र सीमा बल (SSB) की भूमिका की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि सरकार ने जवानों की सुविधाओं के विस्तार का पूरा ख्याल रखा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि एसएसबी के जवान इसी जोश और जज्बे के साथ सीमा की सुरक्षा सुनिश्चित करते रहेंगे।

शाह का यह दौरा सीमांचल और बंगाल के राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि घुसपैठ और राष्ट्रवाद ही बीजेपी के आगामी चुनावी एजेंडे के केंद्र में होंगे।