T20 World Cup 2026 Semi Final: मार्को जानसेन की विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर दक्षिण अफ्रीका ने टी20 विश्व कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के सामने 170 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा है। कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले जा रहे इस मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत बेहद खराब रही थी, लेकिन जानसेन की नाबाद 55 रन की पारी ने टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचा दिया।
कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले जा रहे पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। हालांकि यह फैसला शुरुआती ओवरों में सही भी साबित हुआ और दक्षिण अफ्रीका की टीम ने दूसरे ही ओवर में 12 रन के स्कोर पर अपने दोनों ओपनर क्विंटन डिकॉक और रायन रिकल्टन के विकेट गंवा दिए।
शुरुआती झटकों के बाद कप्तान एडेन मार्करम और युवा बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस ने पारी को संभालने की कोशिश की। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 43 रन की साझेदारी की, लेकिन 55 के स्कोर पर मार्करम 18 रन बनाकर आउट हो गए।
इसके बाद दक्षिण अफ्रीका की पारी फिर लड़खड़ा गई। डेवाल्ड ब्रेविस और डेविड मिलर के रूप में टीम ने 77 रन के स्कोर तक पहुंचते-पहुंचते दो और विकेट गंवा दिए। उस समय ऐसा लग रहा था कि टीम 130 रन तक भी नहीं पहुंच पाएगी।
हालांकि छठे विकेट के लिए ट्रिस्टन स्टब्स और मार्को जानसेन ने शानदार साझेदारी करते हुए पारी को संभाल लिया। दोनों ने मिलकर 73 रन जोड़े और टीम का स्कोर 150 के करीब पहुंचा दिया। खतरनाक होती इस साझेदारी को लॉकी फर्ग्यूसन ने स्टब्स को आउट कर तोड़ा। स्टब्स ने 24 गेंदों पर 29 रन बनाए।
अंतिम ओवरों में विकेट लगातार गिरते रहे। कॉर्बिन बोश 2 रन और कगिसो रबाडा खाता खोले बिना आउट हो गए, जबकि केशव महाराज 1 रन बनाकर नाबाद लौटे।
इन सबके बीच ऑलराउंडर मार्को जानसेन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 30 गेंदों पर 2 चौके और 5 छक्कों की मदद से नाबाद 55 रन बनाए। उनकी इस पारी की बदौलत दक्षिण अफ्रीका ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 169 रन बनाए।
न्यूजीलैंड की ओर से गेंदबाजी में मैट हेनरी, रचिन रवींद्र और कोले मैककोंची ने 2-2 विकेट हासिल किए, जबकि लॉकी फर्ग्यूसन और जेम्स नीशम को 1-1 सफलता मिली।