PSL Pink Ball controversy: पाकिस्तान सुपर लीग मैच में जर्सी के रंग से गेंद गुलाबी हो गई। इस पर एक टीम के कप्तान मार्नस लाबुशेन ने नाराजगी जताई।

PSL Pink Ball controversy: पाकिस्तान सुपर लीग 2026 की शुरुआत एक बड़े विवाद के साथ हुई। 26 मार्च को गद्दाफी स्टेडियम में खेले गए ओपनिंग मैच में ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने खिलाड़ियों से लेकर फैंस तक सभी को चौंका दिया। मैच के दौरान सफेद गेंद का रंग बदलकर पहले गुलाबी और फिर गहरा लाल हो गया, जिससे खेल की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो गए।

यह मुकाबला लाहौर कलंदर्स और हैदराबाद किंग्समैन के बीच खेला गया था। शुरुआत में सब कुछ सामान्य था, लेकिन जैसे-जैसे पहली पारी आगे बढ़ी, गेंद का रंग बदलता हुआ नजर आया। टीवी कैमरों में साफ दिखा कि गेंद धीरे-धीरे गुलाबी होती जा रही है और बाद में लाल हो गई।

पीएसएल में हुआ बड़ा विवाद
बताया जा रहा है कि यह समस्या खिलाड़ियों की जर्सी से निकले रंग की वजह से हुई। लिमिटेड ओवर क्रिकेट में खिलाड़ी गेंद को चमकाने के लिए अक्सर उसे अपनी जर्सी पर रगड़ते हैं, लेकिन इस मैच में हैदराबाद टीम की मैरून जर्सी का रंग गेंद पर चढ़ गया।

बीच मैच में सफेद गेंद हुई गुलाबी
हैदराबाद किंग्समेन के कप्तान मार्नस लाबुशेन भी इस घटना से हैरान रह गए। उन्होंने मैच के दौरान ही अंपायर से इसकी शिकायत की। मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में लाबुशेन ने कहा, 'मैंने दूसरे ओवर के बाद ही अंपायर से कहा कि ये क्या हो रहा है, गेंद लाल हो रही। शायद कपड़ों का रंग लग रहा। मैंने अपने करियर में ऐसा कभी नहीं देखा।'

उन्होंने आगे कहा कि बैट या पैड से थोड़ा रंग लगना सामान्य है, लेकिन जर्सी से रंग आना बेहद असामान्य है और उम्मीद है कि अगले मैचों में इसे ठीक कर लिया जाएगा।

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और हैदराबाद टीम को आलोचना का सामना करना पड़ा। एक इंटरनेशनल लीग में इस तरह की चूक ने पाकिस्तान सुपर लीग की प्रोफेशनल छवि पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

हालांकि इस विवाद के बीच मैच में लाहौर कलंदर्स ने अच्छा प्रदर्शन किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम ने 20 ओवर में 199/4 का मजबूत स्कोर बनाया। फखर जमान ने 53 रन की पारी खेली, जबकि हसीबुल्लाह खान ने नाबाद 40 रन बनाकर टीम को 190 के पार पहुंचाया।

जवाब में हैदराबाद किंग्समेन की टीम पूरी तरह लड़खड़ा गई और 20 ओवर में 130 रन पर ऑलआउट हो गई। उबैद शाह, सिकंदर रजा और हारिस रऊफ ने दो-दो विकेट लेकर मैच का रुख बदल दिया। लाहौर ने यह मुकाबला 69 रन से जीत लिया।

गौरतलब है कि इस बार PSL पहले से ही मुश्किल हालात में खेला जा रहा है। वेस्ट एशिया संकट के कारण मैच बिना दर्शकों के हो रहे हैं और टूर्नामेंट सिर्फ लाहौर और कराची तक सीमित है। इसके अलावा कई विदेशी खिलाड़ी भी लीग से हट चुके हैं या आईपीएल का रुख कर चुके हैं।