Logo

LIVE: T20 World Cup 2026: 61 रन से भारत की जीत के बाद ‘नो-हैंडशेक’ पर चर्चा, कोलंबो में हाई-वोल्टेज मैच में पाकिस्तान ने टेके घुटने

T20 World Cup 2026: 61 रन से भारत की जीत के बाद ‘नो-हैंडशेक’ पर चर्चा, कोलंबो में हाई-वोल्टेज मैच में पाकिस्तान ने टेके घुटने

रविवार को ICC T20 विश्व कप 2026 के रोमांचक मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 61 रनों से करारी शिकस्त दी। कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए इस हाई-वोल्टेज मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 175 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान की टीम 18 ओवर में 114 रन पर सिमट गई। पाकिस्तान को 100 रन के पार पहुंचाने में शाहीन अफरीदी के छोटे लेकिन तेज कैमियो की अहम भूमिका रही, लेकिन जीत दूर ही रही।

मैच के बाद जश्न का माहौल भारतीय खेमे में साफ दिखा। खिलाड़ी एक-दूसरे से गले मिले और जीत का उत्सव मनाते हुए ड्रेसिंग रूम की ओर लौट गए। हालांकि, इस दौरान पाकिस्तान टीम या अंतिम बल्लेबाजी जोड़ी के साथ पारंपरिक हैंडशेक नहीं हुआ। यह सब ‘नो-हैंडशेक’ नीति के तहत हुआ, जिसने मैच के बाद नई बहस को जन्म दिया।

टॉस के समय भी यही रुख देखने को मिला। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव और पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा फोटो सेशन के दौरान एक-दूसरे से बिना हाथ मिलाए आगे बढ़ गए। पाकिस्तान ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी के लिए बुलाया, लेकिन टीम इंडिया ने मौके का पूरा फायदा उठाते हुए मजबूत स्कोर खड़ा किया।

बताया जा रहा है कि सूर्यकुमार यादव ने यह रुख पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति सम्मान और ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारतीय सेना के प्रति एकजुटता दिखाने के प्रतीक के तौर पर अपनाया है। यह नीति एशिया कप 2025 से जारी है, जहां दोनों टीमों के बीच खेले गए मुकाबलों में भी हाथ मिलाने की परंपरा नहीं निभाई गई थी।

सूत्रों के मुताबिक, इस मुद्दे पर ICC और PCB के बीच चर्चा भी हुई थी, लेकिन ICC ने किसी तरह की अनिवार्य ‘हैंडशेक’ शर्त को लागू करने से इनकार कर दिया। पहलगाम की घटना के बाद ICC और ACC टूर्नामेंट्स में विभिन्न आयु वर्ग और महिला मुकाबलों में भी दोनों टीमों ने यही रुख बरकरार रखा है।

भारत की 61 रन की जीत ने न सिर्फ सुपर-8 का टिकट पक्का किया, बल्कि मैदान के बाहर भी एक नई बहस छेड़ दी है।

यहां पढ़ें IND vs PAK LIVE मैच से जुड़े हर अपडेट- टॉस, पिच रिपोर्ट, मौसम और प्लेइंग-11।

17:00 PM(6 days ago )

ईशान किशन पर श्रेयसी सिंह बोलीं- एक बिहारी सब पर भारी

Posted by: Dilip Chaturvedi

भारत-पाकिस्तान के बीच होने वाले रोमांचक मुकाबले को लेकर बिहार में जबरदस्त उत्साह है। बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने टीम इंडिया को ढेर सारी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे बेहतरीन प्रदर्शन के साथ जीत हासिल कर वापस लौटें।

जमुई में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने खास तौर पर ईशान किशन का जिक्र करते हुए कहा, "एक बिहारी सब पर भारी" रहेगा। उन्होंने ईशान के प्रदर्शन पर भरोसा जताया और उम्मीद जताई कि वह पाकिस्तान के खिलाफ धमाकेदार बल्लेबाजी करेंगे। श्रेयसी सिंह ने पूरे भारतीय टीम के लिए शुभकामनाएं देते हुए बिहार का गर्व भी व्यक्त किया।

16:39 PM(6 days ago )

किरण मोरे बोले- टीम इंडिया जीत की प्रबल दावेदार

Posted by: Dilip Chaturvedi

पूर्व भारतीय विकेटकीपर और चयनकर्ता किरण मोरे ने कहा, "भारत-पाकिस्तान मैच हमेशा शानदार और रोमांचक होता है। पूरी दुनिया इसे देखती है। कोलंबो में होने वाला यह मुकाबला भी कमाल का होगा। मेरे हिसाब से टीम इंडिया के जीतने की संभावना 70 प्रतिशत है, जबकि पाकिस्तान की 30 प्रतिशत। भारत बहुत मजबूत टीम है और ऊपरी हाथ रखेगी।"

यह मैच क्रिकेट प्रेमियों के लिए किसी त्योहार से कम नहीं है, जहां दोनों टीमों के बीच ऐतिहासिक प्रतिद्वंद्विता और हालिया फॉर्म को देखते हुए एक कड़ा मुकाबला उम्मीद है, लेकिन विशेषज्ञों का झुकाव भारत की ओर ज्यादा है।

16:29 PM(6 days ago )

भारत की जीत के लिए यज्ञ-प्रार्थना, रिंकू की बहन का बयान 

Posted by: Dilip Chaturvedi

आज रविवार को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में टी20 विश्व कप 2026 का भारत-पाकिस्तान मैच होने जा रहा है। देशभर में भारत की जीत के लिए उत्साह है।  रिंकू सिंह की बहन नेहा ने कहा कि रिंकू चौके-छक्के लगाएंगे और टीम जीतेगी। महाशिवरात्रि पर यज्ञ हुए, फैंस प्रार्थना कर रहे हैं। इतिहास में भारत ने 8 में से 7 मैच जीते। मौसम खराब दिख रहा है, लेकिन उम्मीद है मैच होगा और भारत जीतेगा। 

5379487