तमिल फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर स्टार और डीएमडीके पार्टी के संस्थापक विजयकांत का गुरुवार को चेन्नई के एक अस्पताल में निधन हो गया। उन्होंने 71 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। पीेम मोदी समेत कई फिल्म स्टार्स ने उनके निधन पर शोक जताया है।

Vijayakanth Death: साउथ फिल्म इंडस्ट्री के लिए दुख की खबर है। तमिल फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर स्टार और डीएमडीके पार्टी के संस्थापक विजयकांत (Vijaykanth) का गुरुवार को चेन्नई के एक अस्पताल में निधन हो गया। उन्होंने 71 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। वहीं विजयकांत के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक जताया है। साउथ स्टार्स के बीच भी विजयकांत के निधन की खबर को लेकर भारी दुख है।

वेंटिलेटर पर थे विजयकांत
अस्पताल के अधिकारियों ने विजयकांत की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि उन्हें निमोनिया होने के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था और वेंटिलेटर सपोर्ट के ज़रिए उनका इलाज किया जा रहा था। इससे पहले उनकी पार्टी ने आधिकारिक तौर पर बताया था कि वजयकांत कोरोना से पीड़ित थे और उन्हें सांस लेने में तकलीफ होने के चलते वेंटिलेटर पर रखा गया था। वहीं आज 28 दिसंबर को इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

पीएम नरेंद्र मोदी ने जताया शोक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अभिनेता व नेता विजयकांत के निधन पर दुख ज़ाहिर किया है। उन्होंने एक्स पर लिखा- "तिरु विजयकांत जी के निधन से अत्यंत दुख हुआ। तमिल फिल्म जगत के दिग्गज कलाकार ने अपने करिश्माई प्रदर्शन से लाखों लोगों का दिल जीता है। राजनीतिक नेता के रूप में, वह सार्वजनिक सेवा के प्रति गहराई से प्रतिबद्ध थे, जिसने तमिलनाडु के राजनीतिक दृश्य पर स्थायी प्रभाव छोड़ा है। उनके निधन के बाद उनकी जगह भर पाना मुश्किल होगा। वह मेरे घनिष्ठ मित्र थे। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ हैं।"

कई फिल्म स्टार्स ने विजयकांत के निधन पर जताया दुख
विजयकांत के निधन की खबर सुनते ही साउथ फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है। कई बड़े अभिनेताओं ने विजयकांत के निधन पर अपना दुख जताया है। कमल हासन, जूनियर एनटीर, सोनू सूद समेत कई कलाकारों ने वजयकांत के निधन पर एक्स पर पोस्ट शेयर कर अपना दुख ज़ाहिर किया।