Ranveer Singh Kantara Controversy: बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह (Ranveer Singh) को कांतारा के सीन की मिमिक्री करने के विवाद पर कर्नाटक हाईकोर्ट ने अंरतिम राहत दी है। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने सख्ती के साथ कहा कि उन्हें जिम्मेदारीपूर्वक व्यवहार करना चाहिए। यह मामला पिछले साल उठे विवाद से जुड़ा है, जब रणवीर ने गोवा में आयोजित इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI 2025) के इवेंट में फिल्म कांतारा के अभिनेता ऋषभ शेट्टी के एक सीन की मिमिक्री की थी। इस मिमिक्री को लेकर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई थी, जिसे उन्होंने हाई कोर्ट में चुनौती दी थी।
'रणवीर सुपरस्टार हैं, उन्हें ऐसा व्यव्हार नहीं करना चाहिए'- कोर्ट
सुनवाई के दौरान जस्टिस एम नागप्रसन्ना की बेंच ने कहा कि रणवीर या कोई भी व्यक्ति हो, लेकिन ऐसी संवेदनहीनता के साथ व्यवहार नहीं करना चाहिए। बेंच ने यह भी कहा, “रणवीर एक सुपरस्टार हो सकते हैं, लेकिन उनसे यह अपेक्षा नहीं थी कि वे इस तरह से शब्दों और हावभाव का प्रयोग करें, जिनका लोगों पर असर पड़ सकता है।”
कोर्ट ने यह भी जोर दिया कि लोग भले ही किसी घटना को भूल जाएं, लेकिन इंटरनेट इसे कभी नहीं भूलता। इसके चलते, कोर्ट ने पुलिस को आदेश दिया कि रणवीर पर मार्च 2 तक कोई जबरदस्ती का कदम न उठाया जाए। साथ ही, कोर्ट ने अभिनेता को जांच में सहयोग करने के लिए भी निर्देश दिया।
क्या था मामला?
पिछले साल 28 नवंबर को IFFI के समापन समारोह में रणवीर ने ऋषभ शेट्टी की फिल्म 'कांतारा' में उनकी एक्टिंग की तारीफ करते हुए उनकी ‘दैवा’ भूमिका की नकल की। ऋषभ ने स्पष्ट रूप से कहा कि ऐसा न करें। इसके बावजूद रणवीर ने फिर से वही किया। इस घटना के बाद उनका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ और उन्हें आलोचनाओं का सामना करना पड़ा।
रणवीर ने पहले ही इस मामले में सार्वजनिक माफी दी थी। अपने बयान में उन्होंने कहा था, “मेरा मकसद सिर्फ रिषभ के अद्भुत प्रदर्शन को सराहना देना था। मैं हमेशा हमारे देश की हर संस्कृति, परंपरा और विश्वास का सम्मान करता आया हूँ। अगर किसी की भावनाएं आहत हुई हों, तो मैं दिल से माफी चाहता हूँ।”