haribhoomi hindi news
राजपाल यादव ने हाल ही में तिहाड़ जेल में बिताए अपने दिनों के बारे में खुलासा किया। उन्होंने फराह खान को बताया कि जेल का उनका अनुभव चुनौतीपूर्ण था। 9 करोड़ केस में वह लगभग एक महीने तिहाड़ जेल में थे।

Rajpal Yadav jail case: बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव जेल से बाहर आ गए हैं। 9 करोड़ रुपए के चेक बाउंस केस में उन्हें तिहाड़ जेल जाना पड़ा था जहां वह लगभग 1 महीने सजा काट रहे थे। अब हाल ही में एक्टर ने अपने तिहाड़ जेल के दिनों का अनुभव साझा किया है।

फिल्ममेकर और कोरियोग्राफर फराह खान अपने यूट्यूब व्लॉग के लिए राजपाल यादव के घर पहुंचीं थी जहां एक्टर ने खुलक बात की। उन्होंने बताया कि जेल में बिताया गया समय उनके लिए आसान नहीं था, लेकिन उन्होंने हर परिस्थिति में खुद को ढालना सीख लिया।

“जेल में रहना सिखा देता है अनुशासन”

राजपाल यादव ने कहा कि भले ही उन्हें जेल में कोई खास ड्यूटी नहीं दी गई, लेकिन वहां बेहद अनुशासन के साथ रहना पड़ता था। उन्होंने कहा, “वहां बहुत डिसिप्लिन से रहना होता है और समय को सही तरीके से काटना पड़ता है।”

जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें इस अनुभव को लेकर कोई कड़वाहट है, तो उन्होंने साफ कहा, “मैंने हर हाल में जीना सीख लिया है।”

स्ट्रगल के दिनों को भी किया याद

इस बातचीत के दौरान राजपाल यादव ने अपने शुरुआती संघर्ष के दिनों को भी याद किया। उन्होंने बताया कि मुंबई में जब वे 10-12 लोगों के साथ रहते थे, तो सब मिलकर साधारण खाना बनाते थे। यही वजह है कि आज भी वह खुद खाना बनाना पसंद करते हैं।

मुश्किल वक्त में मिला साथ

राजपाल यादव ने उन लोगों का भी धन्यवाद किया, जिन्होंने मुश्किल समय में उनका साथ दिया। खास तौर पर सोनू सूद का नाम लेते हुए उन्होंने बताया कि उन्होंने सबसे पहले मदद के लिए आगे आकर इंडस्ट्री से अपील की थी।

इसके बाद सलमान खान, डेविंड धवन और प्रियदर्शन जैसे कई लोगों ने भी उनका समर्थन किया।

9 करोड़ के केस में जेल गए थे राजपाल

यह पूरा मामला साल 2010 से जुड़ा है, जब राजपाल यादव ने अपनी फिल्म ‘आटा पटा लापटा’ के लिए ₹5 करोड़ का कर्ज लिया था। फिल्म के फ्लॉप होने के बाद वह कर्ज नहीं चुका पाए, जिसके चलते यह मामला कोर्ट तक पहुंचा।

बाद में चेक बाउंस केस में उन्हें सजा सुनाई गई और कुल बकाया रकम करीब ₹9 करोड़ तक पहुंच गई। इसी साल फरवरी में उन्हें तिहाड़ जेल भेजा गया था, हालांकि बाद में उन्होंने कुछ रकम जमा कर अंतरिम जमानत हासिल कर ली।

7