Ram ji aake bhala karenge song: बॉलीवुड स्टार अक्षय कुमार (Akshay Kumar) अपकमिंग फिल्म भूत बंगला में नजर आएंगे। इस फिल्म का डायरेक्शन प्रियदर्शन कर रहे हैं, और इस जोड़ी को दोबारा देखने के लिए फैंस काफी एक्साइटेड हैं। इसी बीच फिल्म का नया गाना ‘राम जी आके भला करेंगे’ रिलीज हो गया है जो चर्चा में आ गया है। गाने में अक्षय कुमार का स्वैग और लुक उनकी 2007 की फिल्म भूल भुलैया की याद दिला रहा है।
फैंस को आई ‘भूल भुलैया’ की याद
गाने का वीडियो और उसकी एनर्जी देखकर फैंस सोशल मीडिया पर जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। यह गाना यूट्यूब पर रिलीज के एक घंटे के भीतर ही लाखों व्यूज बटोर चुका है। अक्षय का फनी अंदाज फैंस काफी पसंद आया है।
गाने के कमेंट सेक्शन में कई यूजर्स ने लिखा कि “OG खिलाड़ी इज़ बैक।” कुछ लोगों ने तो इसे भूल भुलैया वाले दौर की वापसी तक बता दिया। फैंस का कहना है कि गाने का अंदाज और माहौल पुराने कॉमिक-हॉरर स्टाइल की याद दिलाता है।
अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की हिट फिल्में
अक्षय कुमार और निर्देशक प्रियदर्शन की जोड़ी पहले भी कई हिट फिल्में दे चुकी है। खासकर भूल भुलैया में अक्षय, परेश रावल और प्रियदर्शन की तिकड़ी को दर्शकों ने खूब पसंद किया था। अब यही टीम भूत बंगला में दोबारा साथ आई है, जिससे उम्मीदें और भी बढ़ गई हैं।
स्टार कास्ट और टीम
भूत बंगला में अक्षय कुमार के साथ परेश रावल, तब्बू, वामिका गब्बी, मिथिला पालकर, जिस्सू सेनगुप्ता, मनोज जोशी और राजपाल यादव जैसे कलाकार नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन प्रियदर्शन ने किया है, जबकि इसे शोभा कपूर, एकता आर कपूर और अक्षय कुमार ने प्रोड्यूस किया है।
फिल्म 10 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। गाने की लोकप्रियता को देखते हुए फैंस इसे पहले से ही संभावित “ब्लॉकबस्टर” बता रहे हैं।