New Bike: रॉयल एनफील्ड की नई एडवेंचर बाइक में 750cc क्षमता का इंजन मिलेगा। इसमें 6-स्पीड गियरबॉक्स मिलने की उम्मीद है, जिससे हाईवे और पहाड़ी रास्तों पर बेहतर परफॉर्मेंस मिलेगी।

New Bike: भारत में मिड-साइज और एडवेंचर सेगमेंट में मजबूत पकड़ रखने वाली रॉयल एनफील्ड (Royal Enfield) जल्द ही नई और ज्यादा दमदार एडवेंचर बाइक लॉन्च करने की तैयारी में है। कंपनी की अपकमिंग Royal Enfield Himalayan 750 को हाल ही में टेस्टिंग के दौरान देखा गया है, जिससे इसके कई अहम फीचर्स और स्पेसिफिकेशन सामने आए हैं।

क्या मिली नई जानकारी?
टेस्ट म्यूल में फ्यूल टैंक को पूरी तरह से कवर किया गया था, लेकिन बाकी हिस्सों से कई डिटेल्स सामने आई हैं। बाइक में स्प्लिट सीट सेटअप, दोनों पहियों पर डिस्क ब्रेक और बड़ी विंडशील्ड देखने को मिली है। इसके अलावा इसमें क्रूज कंट्रोल और मल्टीपल राइडिंग मोड्स जैसे प्रीमियम फीचर्स भी मिलने की संभावना है, जो इसे लंबी दूरी और ऑफ-रोड राइडिंग के लिए और बेहतर बना सकते हैं।

इंजन और परफॉर्मेंस
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस नई एडवेंचर बाइक में 750cc क्षमता का इंजन दिया जा सकता है। यह इंजन 50 हॉर्सपावर से ज्यादा पावर और 60 न्यूटन मीटर से अधिक टॉर्क जनरेट कर सकता है। इसमें 6-स्पीड गियरबॉक्स मिलने की उम्मीद है, जिससे हाईवे और पहाड़ी रास्तों पर बेहतर परफॉर्मेंस मिलेगी।

पहले भी हो चुकी है स्पॉट
यह पहली बार नहीं है जब Himalayan 750 को टेस्टिंग के दौरान देखा गया हो। इससे पहले भी इसे कई बार स्पॉट किया जा चुका है, जिससे साफ है कि कंपनी इस प्रोजेक्ट पर तेजी से काम कर रही है।

लॉन्च और संभावित कीमत
हालांकि कंपनी ने अभी तक आधिकारिक लॉन्च डेट का ऐलान नहीं किया है, लेकिन उम्मीद है कि इसे 2026 के मध्य तक भारतीय बाजार में पेश किया जा सकता है। कीमत की बात करें तो इसकी संभावित एक्स-शोरूम कीमत करीब 4 लाख रुपये के आसपास हो सकती है।

(मंजू कुमारी)