Ducati Bike: इटैलियन प्रीमियम बाइक निर्माता डुकाटी ने अपनी एडवेंचर मोटरसाइकिल Ducati DesertX 2026 से पर्दा उठा दिया है। यह इसका सेकेंड जनरेशन मॉडल है, जिसे ग्राहकों के फीडबैक और इंटरनेशनल रैली अनुभव के आधार पर अपग्रेड किया गया है। कंपनी के मुताबिक नई DesertX को ज्यादा मजबूत ऑफ-रोड क्षमता और बेहतर कंट्रोल के साथ तैयार किया गया है। भारत में इसे 2026 की चौथी तिमाही में लॉन्च किया जाएगा।
दमदार इंजन और परफॉर्मेंस
नई DesertX में 890cc का V2 इंजन दिया गया है, जो 110hp की पावर और 92Nm का टॉर्क जनरेट करता है। ऑफ-रोडिंग के लिए पहले चार गियर छोटे रखे गए हैं, जबकि हाईवे क्रूजिंग के लिए छठा गियर लंबा है। ऑयल सर्विस इंटरवल 15,000 किमी और वाल्व चेक 45,000 किमी पर तय किया गया है।
मजबूत चेसिस और सस्पेंशन
बाइक में मोनोकोक फ्रेम दिया गया है, जिसमें इंजन को स्ट्रक्चरल पार्ट की तरह इस्तेमाल किया गया है, जिससे वजन कम और मजबूती ज्यादा मिलती है। सस्पेंशन सेटअप में पूरी तरह एडजस्टेबल KYB यूनिट मिलती है—फ्रंट में 230mm ट्रैवल की USD फोर्क और रियर में 220mm ट्रैवल मोनोशॉक। ब्रेकिंग के लिए Brembo M4.32 मोनोब्लॉक कैलिपर्स और 305mm डिस्क दी गई हैं। यह 21-इंच फ्रंट और 18-इंच रियर ट्यूबलेस स्पोक व्हील्स पर चलती है, जिनमें Pirelli Scorpion Rally STR टायर लगे हैं।
डिजाइन और फीचर्स
नई DesertX में फुटपेग पोजिशन पीछे और सीट-हैंडलबार आगे किए गए हैं, जिससे स्टैंडिंग राइडिंग में बेहतर कंट्रोल मिलता है। 18 लीटर का फ्यूल टैंक अब ज्यादा स्लिम है। सीट हाइट 880mm है, जिसे ऑप्शनल किट से 840mm तक कम किया जा सकता है। फीचर्स में 6-एक्सिस IMU, कॉर्नरिंग ABS, ट्रैक्शन कंट्रोल, व्हीली कंट्रोल, इंजन ब्रेक कंट्रोल, मल्टीपल राइडिंग मोड्स, बाय-डायरेक्शनल क्विकशिफ्टर, क्रूज कंट्रोल और 5-इंच TFT डिस्प्ले के साथ स्मार्टफोन कनेक्टिविटी शामिल है।
यूरोप में इसकी बिक्री अप्रैल 2026 से शुरू होगी, जबकि भारत में लॉन्च 2026 की चौथी तिमाही में संभावित है।
(मंजू कुमारी)