BKT Tires: भारत में तेजी से बढ़ते टायर बाजार के बीच प्रमुख निर्माता बीकेटी (बालकृष्ण इंडस्ट्रीज लिमिटेड) ने दोपहिया और कमर्शियल वाहनों के लिए अपनी नई टायर रेंज पेश की है। कंपनी का लक्ष्य शहरी और हाईवे उपयोगकर्ताओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए मजबूत, सुरक्षित और बेहतर परफॉर्मेंस देने वाले उत्पाद उपलब्ध कराना है।
दोपहिया वाहनों के लिए नई सीरीज
बीकेटी ने मोटरसाइकिल और स्कूटर के लिए दो नई टायर सीरीज लॉन्च की हैं:
- ZENOVA टायर खासतौर पर शहरी उपयोग और रोजमर्रा की राइडिंग को ध्यान में रखकर डिजाइन किए गए हैं। कंपनी का दावा है कि ये बेहतर ग्रिप, अधिक स्थिरता और आरामदायक राइडिंग अनुभव प्रदान करते हैं।
- वहीं THYROS टायर ऑफ-रोडिंग और कठिन रास्तों के लिए तैयार किए गए हैं। इनका फोकस बेहतर ट्रैक्शन, अतिरिक्त सुरक्षा और संतुलित माइलेज पर है, जिससे खराब सड़कों पर भी बेहतर प्रदर्शन मिल सके।
कंपनी के अनुसार, इन दोनों सीरीज का निर्माण भारत में IATF 16949-प्रमाणित प्रक्रियाओं के तहत किया जा रहा है, जिससे गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाता है।
कमर्शियल सेगमेंट में भी विस्तार
बीकेटी ने मीडियम और हैवी कमर्शियल वाहनों के लिए भी नए टायर पेश किए हैं। कंपनी का कहना है कि वह ऑन-रोड कमर्शियल सेगमेंट में अपनी मौजूदगी मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। कंपनी के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर अरविंद पोद्दार ने कहा कि ऑन-हाइवे सेगमेंट में प्रवेश बीकेटी के विकास का स्वाभाविक कदम है। उन्होंने बताया कि दशकों के विनिर्माण अनुभव के आधार पर कंपनी ऐसे टायर पेश कर रही है, जो सुरक्षा, विश्वसनीयता और बेहतर वैल्यू प्रदान करते हैं।
बीकेटी की आगे क्या योजना है?
कंपनी ने घोषणा की है कि अप्रैल से जून 2026 के बीच ऑन-रोड कमर्शियल सेगमेंट में M Load Expert और Mileage Expert RG टायर भी लॉन्च किए जाएंगे। नई रेंज के साथ बीकेटी भारतीय टायर बाजार में अपनी पकड़ और मजबूत करने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रही है।
(मंजू कुमारी)