Safety Tips: होली और अन्य त्यौहारों के दौरान भीड़ में सड़कों पर बाइक चलाना थोड़ा चुनौतीपूर्ण होता है। सड़कों पर कीचड़ और घूल के कारण फिसलन बढ़ने लगती है, जिससे हादसे का खतरा ज्यादा हो जाता है। ऐसे में अगर आपको बाइक से बाहर निकलना पड़े तो कुछ जरूरी सावधानियों का ध्यान जरूरी रखें। ताकि आपकी यात्रा सुरक्षित हों और परिवार को किसी मुश्किल दौर से न गुजरना पड़े।
ड्राइविंग में क्या बिल्कुल न करें?
सबसे अहम बात यह है कि किसी भी तरह के नशे में बाइक न चलाएं। नशे की हालत में रिएक्शन टाइम कम हो जाता है और एक्सीडेंट का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। गीले हाथों से बाइक चलाने से बचें, क्योंकि इससे हैंडल फिसल सकता है और आंखों में धूल-मिट्टी जाने से विजन पर विपरीत असर पड़ सकता है, जो बेहद खतरनाक साबित हो सकता है।
सही कपड़े और हेलमेट का चुनाव
बाइक चलाते समय सेफ्टी गियर जरूर पहनें। हेलमेट, बंद जूते और फुल स्लीव्स जैकेट पहनने से त्वचा और आंखों को केमिकल और धूल से बचाया जा सकता है। बाइक चलाते समय हेलमेट का शीशा (वाइजर) नीचे रखें। अगर चलते समय शीशे पर धूल या कीचड़ गिर जाए, तो तुरंत स्पीड कम करें और सुरक्षित जगह पर रुककर उसे साफ करें।
कम रखें बाइक की स्पीड
त्यौहारों पर अक्सर बच्चे सड़कों पर मस्ती करते नजर आते हैं। ऐसे में बाइक की स्पीड कम रखना बेहद जरूरी है, ताकि जरूरत पड़ने पर समय रहते ब्रेक लगाया जा सके। गीली और फिसलन वाली सड़कों पर टायर फिसलने का खतरा ज्यादा रहता है, इसलिए अचानक ब्रेक लगाने से बचें।
ज्यादा सवारी, ज्यादा जोखिम
एक बाइक पर तीन लोग बैठना न सिर्फ गैरकानूनी है, बल्कि बेहद खतरनाक भी है। इससे बाइक का संतुलन बिगड़ सकता है और ब्रेकिंग पर असर पड़ता है। इसके अलावा व्हीली करना, तेज रफ्तार में रेस देना या स्टंट करना हादसे को न्योता देने जैसा है। इसलिए सुरक्षित ड्राइविंग फेस्टिव सीजन में परिवार को खुशियों को दोगुना करेगी।
(मंजू कुमारी)