LIVEमोदी-ट्रंप कॉल के बीच बड़ा संकेत: होर्मुज़ खुला रखने पर जोर; क्या ईरान बातचीत को तैयार?

US-Israel vs Iran War Day 25: मिडिल ईस्ट में अमेरिका-इज़राइल और ईरान के बीच जारी युद्ध चौथे हफ्ते में भी थमता नहीं दिख रहा। हालांकि सोमवार को  ट्रंप के 5 दिन के हमले रोकने के फैसले से तनाव कम होने के संकेत मिले हैं, लेकिन ईरान ने बातचीत से इनकार कर दिया है। होर्मुज स्ट्रेट, ऊर्जा सप्लाई और हवाई यात्रा पर असर के चलते हालात बेहद संवेदनशील बने हुए हैं।

मुजतबा खामेनेई के वरिष्ठ सैन्य सलाहकार मोहसिन रजेई ने कहा कि यह युद्ध जल्दी खत्म हो सकता था, लेकिन इज़राइल के हमले जारी रखने के कारण यह लंबा खिंच गया। उनके मुताबिक अमेरिका भी बाद में समझ गया था कि इस जंग में जीत आसान नहीं है।

ईरान ने कहा कि नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई के नेतृत्व में देश पूरी तरह एकजुट है और सेना लगातार ऑपरेशन चला रही है।

ईरान ने संकेत दिया है कि अगर हालात बिगड़े तो वह होर्मुज जलडमरूमध्य को नियंत्रित कर सकता है। इससे दुनिया की बड़ी तेल सप्लाई प्रभावित हो सकती है।

ईरान युद्ध का असर: बहरीन में AWS सर्विस ठप, ड्रोन एक्टिविटी से संकट

मिडिल ईस्ट में जारी अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच युद्ध का असर अब टेक सेक्टर पर भी दिखने लगा है। Amazon Web Services (AWS) ने बहरीन में अपने क्लाउड सर्वर में एक बार फिर बड़ी रुकावट की पुष्टि की है।

Israel-US vs Iran War LIVE Updates | Day 25 

18:57 PM(3 days ago )

खामेनेई ने अमेरिका से बातचीत को दी हरी झंडी!

Posted by: दिलीप चतुर्वेदी, 24 Mar 2026, 06:57 PM IST

मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच एक बड़ी कूटनीतिक हलचल सामने आई है। ताज़ा रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान के सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई अमेरिका के साथ बातचीत के लिए तैयार हो गए हैं और उन्होंने युद्ध को अपनी शर्तों पर जल्द खत्म करने के संकेत दिए हैं।

अल अरबिया की रिपोर्ट, जो इजरायली अखबार येदियोथ अहरोनोथ के हवाले से है, के अनुसार ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ को गुप्त रूप से यह जानकारी दी है। बताया जा रहा है कि खामेनेई ने वार्ता और संभावित समझौते की मंजूरी दे दी है, बशर्ते ईरान की शर्तें मानी जाएं।

हालांकि, दिलचस्प बात यह है कि ईरान के विदेश मंत्रालय ने सार्वजनिक रूप से अमेरिका से किसी भी बातचीत से इनकार किया है। इसके बावजूद, पर्दे के पीछे गुप्त स्तर पर संपर्क जारी होने की खबरें सामने आ रही हैं।

अगर यह रिपोर्ट सही साबित होती है, तो युद्ध के बीच यह पहली बड़ी कूटनीतिक पहल मानी जाएगी, जो तनाव कम करने की दिशा में अहम कदम हो सकती है।

18:42 PM(3 days ago )

मोदी-ट्रंप की बातचीत: पश्चिम एशिया में जारी तनाव पर चर्चा

Posted by: दिलीप चतुर्वेदी, 24 Mar 2026, 06:42 PM IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच मंगलवार को अहम टेलीफोन बातचीत हुई। इस दौरान दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया में जारी तनावपूर्ण हालात और रणनीतिक शिपिंग मार्ग होर्मुज़ जलडमरूमध्य को खुला और सुरक्षित बनाए रखने पर विस्तार से चर्चा की।

भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस बातचीत की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि दोनों नेताओं ने मध्य पूर्व की मौजूदा स्थिति पर गंभीर विचार-विमर्श किया और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिए होर्मुज़ स्ट्रेट के महत्व को रेखांकित किया।

गौरतलब है कि मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष के कारण वैश्विक शिपिंग और तेल आपूर्ति पर असर पड़ रहा है। ऐसे में होर्मुज़ जलडमरूमध्य को खुला रखना अंतरराष्ट्रीय व्यापार और अर्थव्यवस्था के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।

यह बातचीत ऐसे समय में हुई है जब दुनिया की नजरें इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग और बढ़ते क्षेत्रीय तनाव पर टिकी हुई हैं। पढ़िए पूरी खबर...

16:26 PM(3 days ago )

 युद्ध के बीच राहत की खबर: हॉर्मुज़ पार कर भारत के लिए रवाना 2  LPG जहाज़

Posted by: दिलीप चतुर्वेदी, 24 Mar 2026, 04:26 PM IST

मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच भारत के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। दो भारतीय LPG कैरियर जहाज़ ‘जग वसंत’ और ‘पाइन गैस’ सुरक्षित रूप से हॉर्मुज़ जलडमरूमध्य पार कर चुके हैं।

न्यूज़ एजेंसी ANI के अनुसार, इन जहाज़ों में कुल 92,612.59 मीट्रिक टन LPG लदा हुआ है, जो भारत के लिए रवाना हो चुका है। सरकारी सूत्रों ने बताया कि दोनों जहाज़ 26 से 28 मार्च के बीच भारतीय बंदरगाहों पर पहुंच सकते हैं।

हॉर्मुज़ जलडमरूमध्य इस समय संघर्ष के कारण बेहद संवेदनशील बना हुआ है, ऐसे में इन जहाज़ों का सुरक्षित निकलना भारत की ऊर्जा सप्लाई के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

विशेषज्ञों के मुताबिक, इससे देश में गैस सप्लाई को लेकर बनी चिंता कुछ हद तक कम हो सकती है।

15:27 PM(3 days ago )

ट्रंप का बड़ा बयान- मुजतबा खामेनेई की मौत नहीं चाहता, लेकिन ईरान में सत्ता परिवर्तन होगा

Posted by: दिलीप चतुर्वेदी, 24 Mar 2026, 03:27 PM IST

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के नए सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई (अयातुल्लाह अली खामेनेई के बेटे) पर चौंकाने वाला बयान दिया। 
ट्रंप ने कहा, 
“मैं मुजतबा खामेनेई की मौत नहीं चाहता, लेकिन मुझे नहीं पता कि वह अभी ज़िंदा हैं या नहीं। मैं उन्हें ईरान का वैध नेता नहीं मानता।”

ट्रंप ने आगे स्पष्ट किया कि ईरान में सत्ता परिवर्तन (Regime Change) पहले से ही हो चुका है या बहुत जल्द हो जाएगा। उन्होंने कहा कि अमेरिका ऐसे नए नेताओं से बातचीत कर रहा है जो देश के लिए शांति और सद्भाव ला सकें। ट्रंप का कहना है कि मुजतबा खामेनेई “अस्वीकार्य” हैं और ईरान को नया, बेहतर नेतृत्व मिलना चाहिए।

यह बयान ऐसे समय में आया है जब अमेरिका-ईरान के बीच अप्रत्यक्ष बातचीत चल रही है, हमले अस्थायी रूप से रोके गए हैं और होर्मुज स्ट्रेट की स्थिति पर भी चर्चा हो रही है। ट्रंप ने जोर दिया कि उनका लक्ष्य ईरान में स्थिरता और शांति है, न कि किसी की हत्या।

12:58 PM(3 days ago )

मिडिल ईस्ट में रातभर हमले: बेरूत में धमाके, बहरीन में सायरन गूंजे

Posted by: दिलीप चतुर्वेदी, 24 Mar 2026, 12:58 PM IST

मिडिल ईस्ट में अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी युद्ध ने एक और खतरनाक मोड़ ले लिया है। बीती रात पूरे क्षेत्र में हमलों की तेज़ लहर देखी गई, जिससे कई देशों में दहशत का माहौल बन गया।

इज़राइल ने दावा किया कि ईरान की ओर से दागी गई कई मिसाइलों की पहचान की गई, जिन्हें उसकी एयर डिफेंस सिस्टम ने इंटरसेप्ट करने की कोशिश की। लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने और सरकारी निर्देशों का पालन करने के लिए कहा गया।

वहीं, लेबनान की राजधानी बेरूत में इज़राइल ने ईरान-समर्थित हिज़्बुल्लाह के ठिकानों पर बड़े पैमाने पर हवाई हमले किए। शहर के दक्षिणी इलाकों से धुएं के गुबार उठते देखे गए, जिससे हालात और तनावपूर्ण हो गए।

कुवैत में भी स्थिति गंभीर रही, जहां एयर डिफेंस सिस्टम ने ईरान से आने वाली मिसाइलों को दो बार रोका। गिरते मलबे की वजह से कई बिजली लाइनें ठप हो गईं।

बहरीन में देर रात और सुबह के समय कई बार सायरन बजे, जिसके बाद लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई। वहीं सऊदी अरब ने भी दावा किया कि उसने कई ड्रोन हमलों को नाकाम कर दिया।

12:43 PM(3 days ago )

 ट्रंप का बड़ा दावा- ईरान के साथ समझौते के अहम बिंदु तय हो गए

Posted by: दिलीप चतुर्वेदी, 24 Mar 2026, 12:43 PM IST

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के साथ चल रही अप्रत्यक्ष बातचीत और मध्यस्थता प्रयासों से "समझौते के अहम बिंदु" सामने आ गए हैं।

ट्रंप ने दावा किया कि दोनों पक्षों के बीच कुछ महत्वपूर्ण मुद्दों पर सहमति बनने लगी है, जिससे एक संभावित समझौते की उम्मीदें बढ़ गई हैं।

हालांकि, अभी तक किसी भी सीधी बातचीत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। विशेषज्ञों का मानना है कि ओमान, कतर या अन्य देशों के माध्यम से पर्दे के पीछे जटिल कूटनीतिक प्रयास चल रहे हैं।

ट्रंप के इस बयान से मध्य पूर्व में जारी युद्ध को लेकर कुछ राहत की उम्मीद जगी है, लेकिन ईरान की तरफ से अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

12:40 PM(3 days ago )

पूर्वी अजरबैजान में रिहायशी इलाके पर हमला, 6 की मौत, 9 घायल

Posted by: दिलीप चतुर्वेदी, 24 Mar 2026, 12:40 PM IST

ईरान के पूर्वी अजरबैजान प्रांत में एक रिहायशी इलाके पर अमेरिका-इजरायल के कथित हमले में कम से कम 6 लोगों की मौत हो गई और 9 लोग घायल हो गए।
ISNA न्यूज एजेंसी के अनुसार, यह हमला उत्तर-पश्चिमी ईरान के शहीद मोफत्तेह इलाके में हुआ। यह क्षेत्र आर्मेनिया, अजरबैजान और तुर्की की सीमाओं के निकट स्थित है।

स्थानीय अधिकारियों ने पुष्टि की कि हमले में आम नागरिकों की जान गई है। इस घटना ने ईरान-अमेरिका-इजरायल संघर्ष में आम लोगों के हताहत होने को लेकर नई चिंताएं बढ़ा दी हैं।
अभी तक हमले की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन ईरानी मीडिया इसे "दुश्मन की आक्रामकता" बता रहा है। स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

12:11 PM(3 days ago )

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने तीनों सेना प्रमुखों के साथ की हाई-लेवल मीटिंग

Posted by: सुमित कुमार, 24 Mar 2026, 12:11 PM IST

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज मंगलवार को एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें देश की सुरक्षा और सैन्य तैयारियों की व्यापक समीक्षा की गई। इस महत्वपूर्ण बैठक में सीडीएस (CDS) जनरल अनिल चौहान, तीनों सेना प्रमुख- जनरल उपेन्द्र द्विवेदी, एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह, एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी और डीआरडीओ (DRDO) के अध्यक्ष समीर कामत भी शामिल रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य वैश्विक सुरक्षा चिंताओं और अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों में पैदा हुई चुनौतियों के बीच भारत के रक्षा हितों और राष्ट्रीय सुरक्षा को सुनिश्चित करना है।

11:53 AM(3 days ago )

बेरूत में इजरायली हमले में दो लोगों की मौत

Posted by: सुमित कुमार, 24 Mar 2026, 11:53 AM IST

लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि बेरूत के दक्षिण में स्थित बशामौन शहर पर इजरायली हमले में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई।

मंत्रालय ने एक बयान में कहा, "एले जिले के बशामौन शहर पर इजरायली दुश्मन के हमले के शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, दो नागरिकों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए।"

10:20 AM(3 days ago )

अंदिमेश्क के इमाम अली अस्पताल पर हमला, नुकसान के बाद पूरी तरह खाली कराया गया

Posted by: दिलीप चतुर्वेदी, 24 Mar 2026, 10:20 AM IST

ईरान के खुज़ेस्तान प्रांत के अंदिमेश्क शहर में इमाम अली अस्पताल को हमले में हुए नुकसान के बाद पूरी तरह खाली करा लिया गया है और अब यह बंद कर दिया गया है।ईरानी सरकारी मीडिया ने बताया कि अस्पताल को हमले का निशाना बनाया गया था, जिसके बाद सुरक्षा और मरम्मत की वजह से मरीजों को अन्य जगहों पर शिफ्ट कर दिया गया। 

शुरुआती रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि यह हमला अमेरिका-इजरायल की ओर से किया गया, हालांकि अभी तक इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। इससे पहले खुज़ेस्तान प्रांत के कई अस्पतालों में भी हमलों से इमारती ढांचे को नुकसान पहुंचने की खबरें आई थीं।

यह घटना ईरान-अमेरिका-इजरायल युद्ध के बीच नागरिक सुविधाओं पर हो रहे हमलों की नई कड़ी है, जिससे क्षेत्र में चिकित्सा व्यवस्था पर गंभीर असर पड़ रहा है।

10:17 AM(3 days ago )

ईरान में अस्पताल खाली: जंग में नागरिक ढांचे पर खतरा बढ़ा

Posted by: दिलीप चतुर्वेदी, 24 Mar 2026, 10:17 AM IST

ईरान में इमाम अली अस्पताल को खाली कराए जाने की ताज़ा घटना ने युद्ध के बीच नागरिक बुनियादी ढांचे की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं बढ़ा दी हैं। इस कदम से साफ संकेत मिलते हैं कि मौजूदा संघर्ष अब सैन्य ठिकानों से आगे बढ़कर आम नागरिक सुविधाओं को भी प्रभावित कर रहा है।

इससे पहले भी कई रिपोर्ट्स सामने आ चुकी हैं, जिनमें ईरान के अलग-अलग हिस्सों में अस्पतालों को नुकसान पहुंचने या सुरक्षा कारणों से बंद करने की बात कही गई है। कुछ मामलों में अस्पताल सीधे हमलों की चपेट में आए, जबकि कई जगह आसपास की सैन्य गतिविधियों के कारण सेवाएं बाधित हुईं।

मानवीय सहायता संगठनों ने चेतावनी दी है कि अगर हालात ऐसे ही बने रहे तो स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह चरमरा सकती हैं, जिससे आम नागरिकों की जान जोखिम में पड़ सकती है। युद्ध के इस दौर में चिकित्सा सुविधाओं पर बढ़ता खतरा मानवीय संकट को और गहरा कर सकता है।

10:15 AM(3 days ago )

ईरान युद्ध का असर: मिडिल ईस्ट में उड़ानें ठप, हजारों यात्री फंसे

Posted by: दिलीप चतुर्वेदी, 24 Mar 2026, 10:15 AM IST

मध्य पूर्व में जारी अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच युद्ध का असर अब वैश्विक हवाई यात्रा पर साफ दिखने लगा है। हालात इतने बिगड़ गए हैं कि दुबई, दोहा और अबू धाबी जैसे बड़े एयर हब प्रभावित हो गए हैं, जिससे हजारों यात्री अलग-अलग देशों में फंस गए हैं।

दुनिया की कई प्रमुख एयरलाइंस ने सुरक्षा कारणों से अपनी उड़ानें या तो रद्द कर दी हैं या लंबे समय के लिए स्थगित कर दी हैं। Aegean Airlines, Air France, KLM, Delta, Lufthansa और British Airways जैसी एयरलाइंस ने तेल अवीव, बेरूत, दुबई, रियाद और अम्मान जैसे संवेदनशील रूट्स पर उड़ानें रोक दी हैं।

भारत की एयरलाइन IndiGo ने भी दोहा, कुवैत, बहरीन, दम्मम, शारजाह और फुजैरा के लिए अपनी सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर दी हैं। वहीं Emirates, Etihad और Qatar Airways सीमित और बदले हुए शेड्यूल के साथ ही उड़ानें चला रही हैं।

विशेषज्ञों का कहना है कि होर्मुज स्ट्रेट में बढ़ते तनाव और हवाई क्षेत्र पर खतरे के कारण यह स्थिति जल्द सामान्य होती नहीं दिख रही। कई एयरलाइंस ने मई से लेकर अक्टूबर तक के लिए उड़ानें रद्द या टाल दी हैं, जिससे अंतरराष्ट्रीय ट्रैवल प्लानिंग पर बड़ा असर पड़ा है।

10:11 AM(3 days ago )

ईरान का ऐलान- नुकसान की भरपाई तक जंग जारी रहेगी, पीछे नहीं हटेंगे

Posted by: दिलीप चतुर्वेदी, 24 Mar 2026, 10:11 AM IST

ईरान ने साफ कहा है कि मौजूदा संघर्ष में वह किसी भी हालत में पीछे नहीं हटेगा। जब तक उसे हुए नुकसान की पूरी भरपाई नहीं हो जाती, तब तक लड़ाई जारी रहेगी।

ईरानी सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई के वरिष्ठ सैन्य सलाहकार मोहसिन रजेई ने टीवी पर दिए बयान में कहा कि ईरान की शर्तें बहुत स्पष्ट हैं- सभी आर्थिक प्रतिबंध तुरंत हटाए जाएं और अमेरिका भविष्य में ईरान के अंदरूनी मामलों में किसी भी तरह की दखलंदाजी न करने की ठोस गारंटी दे।

रजेई ने जोर देकर कहा कि ईरानी सेना पूरी ताकत के साथ ऑपरेशन चला रही है और देश का नेतृत्व नए सुप्रीम लीडर के तहत मजबूती से स्थिति संभाल रहा है।

इससे पहले ईरानी संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाघेर गालिबाफ भी कह चुके हैं कि ईरानी जनता हमलावरों को पूरी सजा देने की मांग कर रही है और देश इस लड़ाई में डटकर खड़ा रहेगा।ईरान का यह सख्त रुख अमेरिका-इजरायल के साथ चल रहे युद्ध के बीच आया है, जिससे क्षेत्रीय तनाव और बढ़ गया है।