उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले के अमांपुर कस्बे में एक ही परिवार के पांच लोगों के शव मिलने से हड़कंप मच गया है। एक मकान में सत्यवीर, उसकी पत्नी और तीन बच्चों की लाशें मिलीं है।

कासगंज : उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले के अमांपुर कस्बे में शनिवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ एक पेट्रोल पंप के पीछे रहने वाले सत्यवीर, उसकी पत्नी और तीन बच्चों के शव उनके ही बंद मकान में बरामद हुए हैं। इस सामूहिक मौत की खबर से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

​बंद मकान का दरवाजा काटकर अंदर घुसी पुलिस

​सत्यवीर के परिवार के सदस्यों के काफी समय तक बाहर न निकलने पर जब स्थानीय लोगों ने मकान के जंगले से झांककर देखा, तो वहां का दृश्य खौफनाक था। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने स्थिति को देखते हुए वेल्डिंग मशीन मंगवाई। वेल्डिंग मशीन से घर का दरवाजा कटवाकर पुलिस अंदर दाखिल हुई, जहाँ परिवार के पांचों सदस्य मृत पाए गए।

​फंदे पर लटका पति और जमीन पर मिले बच्चों के शव

​घर के अंदर का नजारा अत्यंत विचलित करने वाला था। सत्यवीर का शव फंदे से लटका हुआ मिला, जबकि उसकी पत्नी रामश्री, दो बेटियों प्राची व आकांक्षा और बेटे गिरीश के शव नीचे जमीन पर मृत अवस्था में पड़े थे। बताया गया है कि सत्यवीर कस्बे में ही वेल्डिंग की दुकान चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।

​आला अधिकारी और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी

​घटना की जानकारी मिलते ही एसपी सहित जिले के तमाम आला अधिकारी घटनास्थल पर पहुँच गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए साक्ष्य जुटाने के लिए डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है।

पुलिस हर संभावित पहलू से इस मामले की गहनता से जांच कर रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह सामूहिक आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य बड़ी वजह है।