NCP (SP) प्रमुख शरद पवार को डिहाइड्रेशन की शिकायत के बाद पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने उनकी स्थिति को स्थिर बताया है। जानें ताजा अपडेट।

Sharad Pawar Hospitalised: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (SCP) के प्रमुख और अनुभवी राजनेता शरद पवार को रविवार, 22 फरवरी को पुणे के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, 85 वर्षीय पवार को डिहाइड्रेशन (पानी की कमी) की शिकायत के बाद अस्पताल लाया गया। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है और वे डॉक्टरों की निगरानी में हैं।

नीजि अस्पताल में इलाज जारी
पुणे के प्रसिद्ध रूबी हॉल क्लिनिक के डॉक्टरों ने शरद पवार के स्वास्थ्य को लेकर आधिकारिक बयान जारी किया है। अस्पताल के चेयरमैन और मुख्य हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. परवेज ग्रांट ने बताया कि पवार को हल्के डिहाइड्रेशन के कारण भर्ती किया गया है और उन्हें 'इंट्रावेनस फ्लूइड' (IV) दिया जा रहा है। डॉ. ग्रांट और डॉ. अभिजीत लोढ़ा की देखरेख में उनका उपचार चल रहा है। मेडिकल टीम के अनुसार, उन्हें अगले दो दिनों तक अस्पताल में ही रखा जाएगा, जिसके बाद उन्हें डिस्चार्ज किए जाने की संभावना है।

हाल के दिनों में दूसरी बार बिगड़ी तबीयत
दिग्गज नेता शरद पवार पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे हैं। इससे पहले, 9 फरवरी को सीने में इन्फेक्शन (चेस्ट इन्फेक्शन), खांसी और सांस लेने में तकलीफ के कारण उन्हें इसी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उस समय उनकी बेटी सुप्रिया सुले और पत्नी प्रतिभा पवार भी उनके साथ मौजूद थीं। 14 फरवरी को उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई थी, लेकिन एक बार फिर डिहाइड्रेशन के कारण उन्हें डॉक्टरी सहायता लेनी पड़ी है।

कैंसर को मात दे चुके हैं पवार
शरद पवार की स्वास्थ्य यात्रा उनके मजबूत इरादों की कहानी रही है। 1990 के दशक के अंत में उन्हें ओरल कैंसर (मुंह का कैंसर) होने का पता चला था। उन्होंने भारत और अमेरिका में कई जटिल सर्जरी करवाईं और सफलतापूर्वक कैंसर को मात दी। इसके बावजूद, 85 वर्ष की आयु में भी वे सार्वजनिक जीवन में अत्यधिक सक्रिय रहे हैं, जो अक्सर उनके स्वास्थ्य पर दबाव डालता है।

भतीजे के निधन के कुछ दिन बाद ही बिगड़ी तबीयत
शरद पवार की सेहत में यह गिरावट ऐसे समय में आई है जब उनका परिवार एक बड़ी व्यक्तिगत त्रासदी से गुजर रहा है। हाल ही में उनके भतीजे और महाराष्ट्र के प्रमुख नेता अजित पवार की बारामती में एक विमान दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी।

इस दुखद घटना के कुछ ही दिनों बाद शरद पवार का अस्पताल में भर्ती होना उनके समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए चिंता का विषय बन गया है। फिलहाल, अस्पताल प्रशासन ने उनके प्रशंसकों से शांति बनाए रखने की अपील की है।