हरियाणा के हिसार के वीर शहीद निशांत मलिक के परिवार को सम्मान देने के लिए हरियाणा सरकार ने बड़ा कदम उठाया। मंत्री रणबीर गंगवा ने शहीद निशांत की बहन को उनकी योग्यता अनुसार जेई के पद का नियुक्ति पत्र सौंपा। शहादत के समय 2022 में परिवार को 50 लाख रुपये की सम्मान राशि भी दी गई थी। निशांत जम्मू कश्मीर में आंतकियों से लोहा लेते हुए शहीद हुए थे।

Haryana government gave job to martyr's sister : वर्ष 2022 में जम्मू कश्मीर के राजौरी पुंछ इलाके में उग्रवादियों से मुठभेड़ के दौरान शहीद हुए निशांत मलिक की बहन को लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने शुक्रवार को जेई के पद का नियुक्ति पत्र सौंपा। इस दौरान हांसी विधायक विनोद भयाना भी मौजूद रहे।

50 लाख रुपये सम्मान राशि भी दी गई थी

इस अवसर पर चंडीगढ़ में हरियाणा सिविल सचिवालय स्थित अपने कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि हरियाणा सरकार वीर सैनिकों के सम्मान और उनके परिजनों के कल्याण के लिए हमेशा प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर के राजौरी पुंछ में वर्ष 2022 में उग्रवादियों से मुठभेड़ के दौरान देश के लिए बलिदान देने वाले वीर सैनिक निशांत के परिवार को उसी समय हरियाणा सरकार की योजना अनुसार 50 लाख रुपये की सहायता राशि मुहैया करा दी गई थी। आज बलिदानी सैनिक की बहन को उनकी योग्यता के अनुसार लोक निर्माण विभाग में जेई (सिविल) के पद पर नियुक्त करने के लिए नियुक्ति पत्र सौंपा गया है। शहीद सैनिक निशांत के पिता जयवीर और नियुक्ति पत्र पाने वाली उनकी बहन कुमारी नीरज ने जेई के पद पर नियुक्ति पत्र देने के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा और हांसी विधायक विनोद भयाना का आभार जताया।

यह भी पढ़ें : Aurangzeb Controversy: कुरुक्षेत्र के ब्रह्मसरोवर में स्नान करने पर औरंगजेब ने लगवाया था 5 रुपये जजिया कर, एक बाल्टी पानी का लेता था एक रुपया