हरियाणा के फतेहाबाद निवासी युवक को जर्मनी भेजने की बजाय ठकों ने अजरबैजान भेज दिया, जहां युवक तीन माह तक फंसा रहा। वापस लौटने के बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दी। पुलिस ने मामले में तीन ठगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

फतेहाबाद: गांव दरियापुर के एक युवक से विदेश भेजने के नाम पर 15 लाख रुपए की ठगी की गई। आरोपियों ने युवक को जर्मनी भेजने की बजाय अजरबैजान भेज दिया, जहां युवक तीन महीने तक फंसा रहा और बाद में बड़ी मुश्किल से अपने देश वापस लौटा। इस मामले में सदर फतेहाबाद पुलिस ने एक दम्पति सहित तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज किया है। पुलिस मामले में जांच कर रही है।

विदेश जाना चाहता था पीड़ित

पुलिस को दी शिकायत में गांव दरियापुर निवासी पूर्ण चंद ने कहा कि उसने अपने लड़के को जर्मनी भेजना था। इस पर संदीप कुमार निवासी गांव किशनपुरा जिला कुरूक्षेत्र ने बातचीत में उसे बताया कि वह लोगों को विदेश भेजने का काम करता है और वह उसके लड़के अजय को भी जर्मनी भेज देगा। इसके लिए 15 लाख रुपए देने होंगे। इससे पहले भी वह कई लोगों को विदेश भेज चुका है। इसके बाद उसने अपनी पत्नी पूजा व अपने साथ विकेश चन्द्र उर्फ विक्की से मिलवाया। इनके झांसे में आकर उसने जून 2023 में 5 लाख रुपए, जुलाई 2023 में 2 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए।

टूरिस्ट वीजा लगवाकर भेजा अजरबैजान

पूर्णचंद ने बताया कि ठगों ने अक्टूबर में तीन लाख रुपए नकद लिए। 10 लाख रुपए लेने के बाद उसके लड़के अजय को जल्द विदेश भेजने की बात कही और उसके लड़के का पासपोर्ट ले लिया। इसके बाद 1 जनवरी 2024 को आरोपियों ने उसके लड़के अजय को एक महीने का टूरिस्ट वीजा लगवाकर दिल्ली से अजरबैजान देश में भेज दिया और कहा कि यहां से एक महीने में उसका जर्मनी का वीजा लग जाएगा। उसने बकाया 5 लाख रुपए भी आरोपियों को दे दिए। आरोपियों ने न तो उसके लड़के का जर्मनी का वीजा लगवाया और पासपोर्ट भी वहां पर जमा करवा लिया।

अजरबैजान में तीन माह फंसा

शिकायतकर्ता पूर्ण सिंह ने कहा कि उसका लड़का तीन महीने अजरबैजान के होटल में रहा और उसके पैसे भी खत्म हो गए। बाद में बड़ी मुश्किल से वह वापस घर लौटा है। आरोपियों ने उसके साथ धोखाधड़ी करते हुए उसके लड़के को अजरबैजान देश में फंसा दिया और उनसे 15 लाख रुपए भी हड़प लिए है। इस मामले में सदर फतेहाबाद पुलिस ने संदीप, उसकी पत्नी पूजा व विकेश चन्द्र के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।