Delhi Elections 2025: आम आदमी पार्टी की महिला विंग की कार्यकर्ता भाजपा नेता और नई दिल्ली विधानसभा सीट के संभावित उम्मीदवार प्रवेश वर्मा के घर के बाहर प्रदर्शन कर रही थीं। कार्यकर्ताओं का कहना है कि प्रवेश नई दिल्ली विधानसभा सीट की महिलाओं को 1100 रुपए बांट रहे हैं। ऐसे में महिला कार्यकर्ताओं को प्रदर्शन के बीच चाय और बिस्कुट परोसे गए। प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने उनके घर के बाहर प्रदर्शन कर रही महिला कार्यकर्ताओं को गर्मागर्म चाय और बिस्कुट पेश किए। वो खुद चाय की ट्रे लेकर उनके बीच पहुंचे।
गर्म चाय लेकर प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंचे भाजपा नेता
एक तरफ भाजपा आम आदमी पार्टी को महिला सम्मान योजना को लेकर घेर रही है, तो वहीं दूसरी तरफ आम आदमी पार्टी भी भाजपा नेता प्रवेश वर्मा को घेरने में लगी हुई है। इसको लेकर आप की महिला विंग की कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन करने के लिए प्रवेश वर्मा के घर के बाहर पहुंचीं। वर्मा को जब इस बारे में पता चला तो वो सबके लिए गर्म चाय लेकर कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचे।
भाजपा नेता प्रवेश पर आरोप
बता दें कि आम आदमी पार्टी भाजपा नेता प्रवेश साहिब सिंह वर्मा पर आरोप लगा रही है कि वो नई दिल्ली विधानसभा सीट पर महिलाओं को 1100-1100 रुपए बांट रहे हैं। इस मामले को लेकर भाजपा नेता का कहना है कि उनके पिता साहिब सिंह वर्मा ने लगभग 25 साल पहले राष्ट्रीय स्वाभिमान संस्था का निर्माण किया था। इस संस्था के तहत उनका परिवार सालों से गरीबों की मदद कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें: दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष का तंज: देवेंद्र यादव बोले- जिस जनता ने भरोसा किया, केजरीवाल ने उन्हें धोखा दिया
आम आदमी पार्टी में आक्रोश
प्रवेश वर्मा के पैसे बांटने से आम आदमी पार्टी में आक्रोश देखने को मिला। आप ने उन पर वोट खरीदने का आरोप लगाया। आप के नेता ने ईडी में प्रवेश वर्मा के खिलाफ शिकायत भी दी। इसके अलावा आप नेता उषा ने भी उन पर आरोप लगाया कि भाजपा नेता प्रवेश वर्मा उनके घर गए थे और उन्हें पांच लाख रुपए में खरीदने की कोशिश की। इसके बाद भाजपा नेता ने आरोप लगाने वाली आप नेता उषा पर मानहानि का मामला दर्ज कराया। उन्होंने कहा कि उषा ने ही उनसे पांच लाख रुपए की मांग की थी और न देने पर छवि धूमिल करने की भी बात कही थी।
ये भी पढ़ें: पैसे बांटने के आरोप पर घिरी AAP, बीजेपी ने कराया मानहानि का केस दर्ज