जगदलपुर पहुंचे विशाखापत्तनम रेल मंडल के डीआरएम ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बन रहे नए स्टेशन भवन का निरीक्षण किया और अप्रैल तक लोकार्पण की संभावना जताई।

अनिल सामंत - जगदलपुर। बस्तर जिले के जगदलपुर रेलवे स्टेशन को वर्ल्ड-क्लास सुविधाओं से लैस करने के उद्देश्य से अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत तेजी से विकास कार्य जारी हैं। इन्हीं कार्यों की समीक्षा के लिए विशाखापत्तनम रेल मंडल के डीआरएम ललित बोहरा सोमवार रात स्पेशल सैलून से जगदलपुर पहुंचे और मंगलवार को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ स्टेशन परिसर का व्यापक निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को परखते हुए समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का किया गहन निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ललित बोहरा ने नए स्टेशन भवन, प्लेटफॉर्म सुधार, स्वच्छ वाशरूम निर्माण, वाटरिंग सिस्टम, आरओबी और अन्य संरचनात्मक गतिविधियों का विस्तार से आकलन किया। उन्होंने निर्माण एजेंसी को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कार्य मानकों के अनुरूप ही पूरे होने चाहिए।

विशाखापत्तनम रेल मंडल के डीआरएम ललित बोहरा

एयरपोर्ट मॉडल पर विकसित होगा स्टेशन
डीआरएम बोहरा ने बताया कि जगदलपुर स्टेशन को एयरपोर्ट की तर्ज पर आधुनिक यात्री सुविधाओं से युक्त बनाया जा रहा है। यात्रियों के लिए एस्केलेटर, लिफ्ट, अत्याधुनिक प्रतीक्षालय, डारमेट्री, आधुनिक वाशरूम और बेहतर सुरक्षा प्रबंधन विकसित किए जा रहे हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि वर्तमान गति से काम चलता रहा तो अप्रैल के अंत तक नए स्टेशन भवन का लोकार्पण किया जा सकता है।

 

विकास कार्यों में वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी
निरीक्षण के समय सीनियर डीओएम तन्मय, सीनियर डीईई महाराणा, सीनियर डीएससी, सीनियर डीएसटी, सीनियर डीसीएम पवन कुमार, एसएमआर चंद्रा, एओएम, डीटीआई मीणा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और रेलवे स्टाफ मौजूद थे। सभी ने मिलकर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और आवश्यक सुधार बिंदुओं पर चर्चा की।

 

अमृत भारत स्टेशन योजना: क्या-क्या बदलेगा?
योजना के तहत जगदलपुर स्टेशन को एक आधुनिक परिवहन हब के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसमें शामिल हैं-

  • एस्केलेटर और लिफ्ट
  • अत्याधुनिक यात्री प्रतीक्षालय
  • आधुनिक डारमेट्री
  • स्वच्छ और सुदृढ़ वाशरूम
  • उन्नत वाटरिंग सिस्टम
  • मजबूत प्लेटफॉर्म संरचना
  • स्टेशन परिसर के बाहर व्यावसायिक क्षेत्र का विकास

इन सुविधाओं से स्टेशन न केवल यात्रियों के लिए सुविधाजनक बनेगा, बल्कि राजस्व वृद्धि की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।