PWD निर्धारित समय सीमा के भीतर काम न करने वाले ठेकेदारों को चिह्नित कर रहा है। खराब प्रदर्शन करने वाले ठेकेदारों पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी। 

महेंद्र विश्वकर्मा- जगदलपुर। लोक निर्माण विभाग समय पर निर्माण कार्य पूरा न करने वाले और काम में धीमी गति बरतने वाले ठेकेदारों की कुंडली (रिकॉर्ड) तैयार कर रहा है। खराब प्रदर्शन करने वाले ऐसे ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने और उन पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जिले के विकास कार्यों को समय पर गति मिल सके। निर्धारित समय सीमा के भीतर काम न करने वाले ठेकेदारों को चिह्नित किया जा रहा है। 

विभाग ने सड़क और भवन निर्माण कार्यों में देरी करने वाले ठेकेदारों पर सख्ती बढ़ा दी है, जो ठेकेदार समय पर काम पूरा नहीं करेंगे, उन पर पेनाल्टी लगाई जाएगी और नोटिस जारी होगा। बस्तर संभाग के सातों जिलों में विभाग के 5 अरब 88 करोड़ 89 लाख 23 हजार रूपए की लागत के 35 निर्माण कार्य प्रगति में हैं। 

काम का जायजा लेते PWD के अफसर  

चीफ इंजीनियर ने निगरानी रखने के दिए निर्देश 
पीडब्ल्यूडी जगदलपुर जोन के मुख्य अभियंता ने कार्यपालन अभियंताओं को फील्ड पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए और गुणवत्ता से कोई समझौता न हो। पेच रिपेयरिंग के बाद सड़कें पूरी तरह समतल और स्मूथ रहने पर खास जोर दिया। इसके साथ ही परफॉर्मेंस गारंटी वाली सड़कों का थर्ड पार्टी परीक्षण अनिवार्य रूप से कराने और रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक सुधार करवाने को कहा जाएगा।
 
अवैध देरी पर विभाग सख्त
लोक निर्माण विभाग जगदलपुर जोन के मुख्य अभियंता एमएल उरांव ने साफ किया कि किसी भी परियोजना में अनावश्यक देरी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विभाग की जिम्मेदारी है कि बेहतर सड़कें, मजबूत भवन और समय पर पूरा काम जनता को उपलब्ध कराया जाए।