विधानसभा थाना क्षेत्र में रविवार रात 8 से 8.30 बजे के बीच एक दर्दनाक सड़क हादसे में कार सवार दंपति समेत तीन की मौत हो गई। 

रायपुर। विधानसभा थाना क्षेत्र में रविवार रात 8 से 8.30 बजे के बीच एक दर्दनाक सड़क हादसे में कार सवार दंपति समेत तीन की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल दो की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हुई है। डीपीएस स्कूल के सामने धान से लदे ट्रक का पट्टा टूटने से वाहन पलट गया और करीब से गुजर रही कार ट्रक के नीचे दब गई।  घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने  रेस्क्यू ऑपरेशन कर मृतक तथा घायलों को कार से बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल ले गए।

विधानसभा क्षेत्र के सीएसपी वीरेंद्र चतुर्वेदी के मुताबिक, एक्सीडेंट में तिल्दा निवासी राजकुमार शर्मा उनकी पत्नी पद्मा तथा कार चालक प्रवीण की मौत हुई है। राजकुमार एक निजी अस्पताल में बायपास सर्जरी कराने के बाद वापस तिल्दा लौट रहे थे, तब उनकी कार हादसे का शिकार हुई। एक्सीडेंट की घटना डीपीएस स्कूल के ठीक सामने हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार धान से लदे ट्रक का पट्टा अचानक ही टूट गया और ट्रक लहराते हुए कार के ऊपर पलट गया। ट्रक पलटने के कार सवार राजकुमार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं राजकुमार की पत्नी पद्मा एवं कार के ड्राइवर प्रवीण की इलाज के दौरान मौत हो गई।

फ्लाइट का टिकट होने की वजह से बेटा-बहू रायपुर में रुक गए
मृतक के छोटे बेटे मनीष ने हरिभूमि से चर्चा में बताया कि, उनके पिता की बायपास सर्जरी हुई तो पूरे समय उसका बड़ा भाई और भाभी पिताजी के साथ थे। सोमवार को अस्पताल से छुट्टी मिलने की जानकारी के बाद मनीष के बड़े भाई और उसकी भाभी ने पुणे जाने सोमवार के लिए एयर टिकट बुक कराए थे। इस वजह से वे दोनों अपने पिताजी के साथ तिल्दा नहीं गए। इससे एक बड़ी अनहोनी होते होते बच गई। आरोपी ट्रक चालक को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

मशक्कत के बाद घायलों और मृतक को निकाल पाए
बताया जा रहा है कि, ट्रक में 20 टन के करीब पांच सौ कट्टा धान लोड था। ट्रक की रफ्तार ज्यादा होने तथा ओवरलोड होने की वजह से पट्टा टूटा तो ट्रक चालक ट्रक कंट्रोल नहीं कर पाया, इसके चलते ट्रक पलट गया। कार के ऊपर ट्रक पलटने के बाद घायल तथा मृतक को निकालने पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। क्रेन की मदद से ट्रक को हटाया गया। इसके बाद ही आवाजाही सामान्य हो पाई। तीन घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस रोड क्लीयर करा पाई।

सोमवार को मिलने वाली थी छुट्टी
मृतक राजकुमार शर्मा पेशे से अनाज कारोबारी हैं। राजकुमार रायपुर के एक निजी अस्पताल में बायपास सर्जरी कराने के लिए आए थे। मृतक के बेटे के अनुसार उनके पिता को सोमवार को अस्पताल से छुट्टी मिलने वाली थी। पूरी तरह से स्वस्थ होने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने राजकुमार का डिस्चार्ज टिकट तैयार कर रविवार को अचानक छुट्टी दे दी। सोमवार को अस्पताल से छुट्टी मिलने की जानकारी मिलने के बाद राजकुमार के परिवार के अन्य सदस्य सोमवार को आने वाले थे।