Kanhaiya Kumar Arrest in Patna: बिहार में बेरोजागरी के खिलाफ पलायन रोका, नौकरी दो यात्रा निकाल रहे कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार को पटना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार (11 अप्रैल) को वह सैकड़ों समर्थकों के साथ सीएम हाउस का घेराव करने जा रहे थे। आज उनकी यात्रा का अंतिम दिन है।
राजापुर पुल के पास हंगामा
पटना पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सीएम हाउस से पहले राजापुर पुल के पास ही रोक लिया था। वह बैरीकेडिंग फांदकर आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे थे, पुलिस ने काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन नहीं माने तो उन्हें तितर-बितर करने के लिए वाटर कैनेन का इस्तेमाल कर तितर बितर किया। इसके बाद भी विरोध प्रदर्शन शांत नहीं हुआ तो कन्हैया कुमार समेत कई नेताओं को हिरासत में लिया गया।
कन्हैया कुमार बोले-CM से मिलवाओ या जेल भेजो
- कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने मीडिया को बताया कि हम मुख्यमंत्री से मिलकर बिहार के युवाओं की समस्याओं से अवगत कराना चाहते थे, लेकिन पटना पुलिस थाने ले आई। अब दो ही विकल्प या तो हमें मुख्यमंत्री से मिलवाया जाए या फिर जेल भेज दिया जाए। जेल में भी हम अपनी आवाज़ उठाएंगे।
- कन्हैया कुमार ने कहा, हम गांधी के अनुयायी हैं। सत्य और अहिंसा में विश्वास करने वाले लोग हैं। सत्याग्रह के ज़रिए अपनी मांगें रखेंगे। मुख्यमंत्री से मिलने का हमारा उद्देश्य उन मुद्दों को साझा करना था, जो इस यात्रा के दौरान लोगों ने हमें बताया है।
- कन्हैया कुमार ने बताया कि बिहार में किसानों को उनकी फ़सलों का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा। मक्का के किसान परेशान हैं। अपनी फसल को वह मंडी में औने पौने दाम पर बेचने को मजबूर हैं। मखाना किसानों को भी उचित मुआवज़ा नहीं मिलता। मक्के पर एमएसपी नहीं दी जा रही है।
क्या कहती है पटना पुलिस ?
पटना डीएसपी (कानून व्यवस्था) कृष्ण मुरारी प्रसाद ने बताया कि हमने पहले ही सभी से शांतिपूर्वक काम करने का आग्रह किया था, लेकिन वह सुनने को तैयार नहीं थे। कांग्रेस कार्यकर्ता काफी आक्रामक हो गए थे। जिस कारण पानी की बौछारों का इस्तेमाल कर उन्हें हिरासत में लेना पड़ा।
पुलिस हिरासत में 50 लोग
डीएसपी प्रसाद ने कहा पुलिस ने करीब 50 लोगों को हिरासत में लिया है। इन लोगों ने बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश की है। स्थिति नियंत्रित करने के लिए हमने पानी की बौछारों का इस्तेमाल किया है। इसलिए उन्हें हिरासत में भी लिया गया है।