rcb vs pbks 2025: आईपीएल 2025 के 34वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की अपने घर में पंजाब किंग्स से शुक्रवार शाम को टक्कर होगी। दोनों ही टीमों के लिए अबतक आईपीएल अच्छा रहा रहा है। RCB और PBKS दोनों ने अबतक 6-6 मैच खेले हैं और 4 जीत के साथ दोनों ही टीमों के एक बराबर 8 अंक हैं। लेकिन, नेट रनरेट बेहतर होने के कारण बेंगलुरु टीम पॉइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर है। वहीं, पंजाब चौथे पायदान पर है। ऐसे में जो टीम इस मुकाबले को जीतेगी वो एक स्थान ऊपर चढ़ जाएगी।
RCB ने अवे मुकाबलों में अच्छा प्रदर्शन किया है लेकिन टीम पर घर में लगातार तीसरा मैच गंवाने का खतरा मंडरा रहा है। इससे पहले, आरसीबी को Delhi capitals और गुजरात टाइटंस ने घर में हराया था। ऐसे में आरसीबी की नजर घऱ में हार की हैट्रिक को रोकने पर नजर होगी।
आरसीबी ने घर में दोनों मैच गंवाए
RCB की दोनों घरेलू हार में एक बात कॉमन रही —टॉस हारा, पहले बल्लेबाज़ी की और पिच धीमी रही। आरसीबी ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 169/8 और 163/7 जैसे औसत स्कोर बनाए, और बाद में ओस की वजह से गेंदबाज़ी मुश्किल हो गई। अब टीम को उम्मीद है कि मौसम में हल्की ठंड और हल्की बारिश से पिच थोड़ी बेहतर होगी।
RCB के बल्लेबाज़ और गेंदबाज़ दोनों घरेलू मैदान पर संघर्ष करते नजर आए हैं। हेजलवुड ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार गेंदबाज़ी की है। उन्होंने 8.65 की इकोनॉमी से 9 विकेट लिए लेकिन चिन्नास्वामी में उनके आंकड़े अच्छे नहीं है। उन्होंने 12 की इकोनॉमी रेट से 1 विकेट हासिल किया है।
पंजाब का हौसला बुलंद होगा
पंजाब किंग्स इस मुकाबले में आत्मविश्वास के साथ उतरेगी। KKR के खिलाफ आईपीएल इतिहास के सबसे छोटे स्कोर 111 रन को डिफेंड कर पंजाब ने जीत हासिल की थी। प्रियांश आर्या (216) और श्रेयस अय्यर (205) इस सीजन के सबसे तेज़ स्ट्राइक रेट वाले बल्लेबाज़ों में शामिल हैं। युजवेंद्र चहल, जो RCB के लिए 8 साल खेले हैं, अब उनके खिलाफ गेंदबाजी करेंगे और इस मैदान पर सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज़ भी हैं। पिछले मैच में उन्होंने 4 विकेट लेकर फॉर्म में वापसी की।
क्या कहते हैं पिच और हालात?
चिन्नास्वामी की पिच अब पहले जैसी हाई स्कोरिंग नहीं रही। इस बार की पिच धीमी और डबल पेस है। गर्मी और नमी की कमी इसकी बड़ी वजह है, हालांकि हाल की बारिश से हालात बदल सकते हैं। RCB के लिए यह मुकाबला घरेलू हार का सिलसिला तोड़ने का है, तो पंजाब के लिए टॉप पर पहुंचने का मौका।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11
RCB: 1 फिल साल्ट, 2 विराट कोहली, 3 देवदत्त पडिक्कल, 4 रजत पाटीदार (कप्तान), 5 लियाम लिविंगस्टोन, 6 जितेश शर्मा (विकेटकीपर), 7 टिम डेविड, 8 क्रुणाल पंड्या, 9 भुवनेश्वर कुमार, 10 जोश हेजलवुड, 11 यश दयाल।
PBKS: 1 प्रियांश आर्य, 2 प्रभसीमन सिंह, 3 श्रेयस अय्यर (कप्तान), 4 जोश इंग्लिस (विकेटकीपर), 5 नेहल वढेरा, 6 ग्लेन मैक्सवेल/मार्कस स्टोइनिस, 7 शशांक सिंह, 8 मार्को जानसन 9 युजवेंद्र चहल, 10 जेवियर बार्टलेट, 11 अर्शदीप सिंह।