KKR vs SRH Score: हैदराबाद की पहली जीत, कोलकाता को घर में 65 रनों से रौंदा; क्लासेन और मुजरबानी चमके

KKR vs SRH: सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल 2026 में अपनी जीत का खाता खोल लिया है। ईडन गार्डन्स में खेले गए मैच में हैदराबाद ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 65 रनों के बड़े अंतर से करारी शिकस्त दी। 227 रनों के पहाड़ जैसे लक्ष्य के सामने कोलकाता की पूरी टीम महज 161 रनों पर ढेर हो गई।

हैदराबाद ने खड़ा किया रनों का अंबार
पहले बल्लेबाजी करते हुए हैदराबाद ने 226 रनों का विशाल स्कोर बनाया। हेनरिक क्लासेन ने 52 रनों की तूफानी पारी खेली, जबकि ट्रेविस हेड (46) और अभिषेक शर्मा (48) ने टीम को आक्रामक शुरुआत दी। अंत में नीतीश कुमार रेड्डी के 31 रनों के योगदान ने स्कोर को 220 के पार पहुँचाया।

मुजरबानी का 'चौका' पर भारी पड़ी बल्लेबाजी
केकेआर की ओर से ब्लेसिंग मुजरबानी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके, लेकिन उनके प्रयास टीम को हार से नहीं बचा सके। हैदराबाद के बल्लेबाजों ने मुजरबानी के अलावा बाकी सभी गेंदबाजों की जमकर धुनाई की और मैच पर अपनी पकड़ मजबूत बनाए रखी।

रघुवंशी का अर्धशतक गया बेकार
लक्ष्य का पीछा करने उतरी केकेआर की शुरुआत तेज रही। फिन एलन ने पहले ही ओवर में 24 रन कूटे, लेकिन वे जल्द आउट हो गए। इसके बाद अंगकृष रघुवंशी ने 52 रनों की शानदार पारी खेलकर उम्मीद जगाई, लेकिन गलतफहमी के कारण वे रन आउट हो गए और यहीं से मैच केकेआर के हाथ से निकल गया।

मिडिल ऑर्डर का सरेंडर
कप्तान अजिंक्य रहाणे (8) और कैमरून ग्रीन के फ्लॉप होने के बाद रिंकू सिंह (36) ने संघर्ष किया, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से साथ नहीं मिला। ईशान मलिंगा और नीतीश कुमार रेड्डी ने घातक गेंदबाजी करते हुए केकेआर के मिडिल और लोअर ऑर्डर की कमर तोड़ दी।

उनादकट ने किया अंत
मैच के आखिरी क्षणों में जयदेव उनादकट ने केकेआर की पूंछ (Tail-enders) को समेटने का काम किया। उन्होंने कार्तिक त्यागी और वरुण चक्रवर्ती के विकेट लेकर कोलकाता की पारी का अंत किया। इस जीत के साथ ही हैदराबाद ने अंक तालिका में अपनी स्थिति सुधार ली है।

23:25 PM(19 hours ago )

ईडन गार्डन्स में हैदराबाद ने कोलकाता को 65 रनों से हराया

Posted by: सुमित कुमार, 02 Apr 2026, 11:25 PM IST

सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल 2026 के रोमांचक मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स को उनके घर में ही करारी शिकस्त दे दी है। 227 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी केकेआर की टीम हैदराबाद की धारदार गेंदबाजी के सामने ताश के पत्तों की तरह बिखर गई और पूरी टीम महज 161 रनों पर सिमट गई। अंगकृष रघुवंशी के जुझारू अर्धशतक (52) के बावजूद कोलकाता को कोई दूसरा बड़ा सहारा नहीं मिला, जबकि हैदराबाद के लिए जयदेव उनादकट और नीतीश कुमार रेड्डी ने घातक गेंदबाजी कर जीत सुनिश्चित की। इस 65 रनों की धमाकेदार जीत के साथ ही हैदराबाद ने टूर्नामेंट में शानदार वापसी की है।

22:21 PM(20 hours ago )

हैदराबाद ने कोलकाता को दिया 227 रनों का विशाल लक्ष्य

Posted by: सुमित कुमार, 02 Apr 2026, 10:21 PM IST

सनराइजर्स हैदराबाद ने हेनरिक क्लासेन के अर्धशतक और हेड-अभिषेक की तूफानी पारियों के दम पर 20 ओवर में 226 रन बनाए। केकेआर को जीत के लिए 227 रनों की जरूरत है।

20:40 PM(22 hours ago )

हैदराबाद को लगा चौथा झटका

Posted by: सुमित कुमार, 02 Apr 2026, 08:40 PM IST

सनराइजर्स हैदराबाद की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। धमाकेदार शुरुआत के बाद केकेआर के गेंदबाजों ने मैच पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। अभिषेक शर्मा के आउट होने के बाद क्रीज पर आए अनिकेत वर्मा भी फ्लॉप साबित हुए और मात्र 1 रन बनाकर अनुकूल रॉय की गेंद पर रिंकू सिंह को कैच थमा बैठे। 12 ओवर के खेल के बाद हैदराबाद का स्कोर 4 विकेट पर 140 रन है। अब क्रीज पर हेनरिक क्लासेन का साथ देने के लिए नीतीश कुमार रेड्डी मौजूद हैं, जिन पर पारी को संभालने की बड़ी जिम्मेदारी है।

20:28 PM(22 hours ago )

ईशान के बाद अभिषेक भी लौटे पवेलियन

Posted by: सुमित कुमार, 02 Apr 2026, 08:28 PM IST

सनराइजर्स हैदराबाद की रनों की रफ़्तार पर कोलकाता नाइट राइडर्स ने ब्रेक लगा दिया है। शानदार लय में दिख रहे अभिषेक शर्मा दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से अपना अर्धशतक पूरा करने से चूक गए और मात्र 48 रन (20 गेंद) बनाकर पवेलियन लौट गए। ट्रेविस हेड और ईशान किशन (14 रन) के बाद अभिषेक के रूप में हैदराबाद को यह तीसरा और सबसे बड़ा झटका लगा है। अब हैदराबाद की पारी को संभालने की जिम्मेदारी हेनरिक क्लासेन और नए बल्लेबाज के कंधों पर आ गई है। 9 ओवर के बाद हैदराबाद का स्कोर -118-3 (9 Ov)

20:23 PM(22 hours ago )

हैदराबाद का दूसरा विकेट गिरा

Posted by: सुमित कुमार, 02 Apr 2026, 08:23 PM IST

सनराइजर्स हैदराबाद की तूफानी शुरुआत के बाद कोलकाता नाइट राइडर्स ने मैच में वापसी की राह तलाश ली है। ट्रेविस हेड (46 रन) के आउट होने के बाद, क्रीज पर आए विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन भी ज्यादा देर नहीं टिक सके और मात्र 14 रन बनाकर ब्लेसिंग मुजरबानी की गेंद पर रिंकू सिंह को कैच थमा बैठे। 8.3 ओवर के खेल के बाद हैदराबाद का स्कोर 2 विकेट पर 112 रन हो गया है, जहां अब अभिषेक शर्मा का साथ देने के लिए अनुभवी हेनरिक क्लासेन मैदान पर उतरे हैं।

20:14 PM(22 hours ago )

हैदराबाद की तूफानी शुरुआत

Posted by: सुमित कुमार, 02 Apr 2026, 08:14 PM IST

सनराइजर्स हैदराबाद के बल्लेबाजों ने कोलकाता नाइट राइडर्स के गेंदबाजों की जमकर खबर ली है। अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड की तूफानी बल्लेबाजी के दम पर हैदराबाद ने पावरप्ले का भरपूर फायदा उठाते हुए स्कोरबोर्ड को रॉकेट की रफ्तार दे दी। 7 ओवर के खेल के बाद हैदराबाद का स्कोर 1 विकेट के नुकसान पर 98 रन पहुंच गया है, जहां अभिषेक शर्मा अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से केकेआर के स्पिनरों पर दबाव बनाए हुए हैं।

19:11 PM(23 hours ago )

KKR vs SRH Live score: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

Posted by: सौरभ मिश्रा, 02 Apr 2026, 07:11 PM IST

कोलकाता नाइट राइडर्स: 1 अजिंक्य रहाणे (कप्तान), 2 कैमरून ग्रीन*, 3 अंगकृष रघुवंशी (विकेट कीपर), 4 रिंकू सिंह, 5 रमनदीप सिंह, 6 अनुकूल रॉय, 7 सुनील नरेन*, 8 वैभव अरोड़ा, 9 वरुण चक्रवर्ती, 10 ब्लेसिंग मुजरबानी*, 11 कार्तिक त्यागी।

इम्पैक्ट सब्स: फिन एलन*, मनीष पांडे, तेजस्वी सिंह, सौरभ दुबे, रोवमैन पॉवेल*।

सनराइजर्स हैदराबाद: 1 अभिषेक शर्मा, 2 ट्रैविस हेड*, 3 इशान किशन (कप्तान और विकेटकीपर), 4 हेनरिक क्लासेन*, 5 नीतीश कुमार रेड्डी, 6 अनिकेत वर्मा, 7 सलिल अरोड़ा, 8 हर्ष दुबे, 9 शिवांग कुमार, 10 डेविड पेन*, 11 जयदेव उनादकट

इम्पैक्ट सब्स: हर्षल पटेल, लियाम लिविंगस्टोन*, ईशान मलिंगा*, आर स्मरण, साकिब हुसैन।

 

19:05 PM(23 hours ago )

KKR vs SRH Live score: कोलकाता ने टॉस जीता

Posted by: सौरभ मिश्रा, 02 Apr 2026, 07:05 PM IST

कोलकाता ने अपने पहले होम मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया है। 

18:42 PM(24 hours ago )

KKR vs SRH Live score: आईपीएल 2026 में आज कोलकाता की टक्कर हैदराबाद से

Posted by: सौरभ मिश्रा, 02 Apr 2026, 06:42 PM IST

आईपीएल 2026 के छठे मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स की टक्कर सनराइजर्स हैदराबाद से है।