नई दिल्ली: देश के मौसम के मिजाज में एक बार फिर बड़ा उलटफेर होने वाला है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने एक ताजा बुलेटिन जारी करते हुए देश के 12 राज्यों में भारी बारिश और तेज तूफान को लेकर हाई अलर्ट घोषित कर दिया है।
फरवरी के अंत में जहां एक तरफ गर्मी दस्तक दे रही है, वहीं दूसरी तरफ पश्चिमी विक्षोभ और अन्य मौसमी सिस्टम के सक्रिय होने से अगले 48 से 72 घंटों तक आसमान से आफत बरसने की आशंका है।
12 राज्यों के लिए IMD की 'तूफानी' चेतावनी
मौसम विभाग ने 22 से 24 फरवरी के दौरान देश के 12 महत्वपूर्ण राज्यों में मौसम के बिगड़ने का पूर्वानुमान लगाया है। इनमें महाराष्ट्र, हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक, जम्मू-कश्मीर, ओडिशा, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु और तेलंगाना जैसे राज्य शामिल हैं।
इस दौरान इन राज्यों में केवल बारिश ही नहीं, बल्कि 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से विनाशकारी हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है, जिसे देखते हुए प्रशासन को भी सतर्क कर दिया गया है।
कश्मीर में टूटा सालों का रिकॉर्ड, बाड़मेर में भयंकर गर्मी
पहाड़ों और रेगिस्तानी इलाकों में गर्मी ने इस बार सबको चौंका दिया है। जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में फरवरी का तापमान सामान्य से 10 डिग्री अधिक होकर 21 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा है, जिसने साल 2016 के रिकॉर्ड को भी ध्वस्त कर दिया है।
वहीं राजस्थान के बाड़मेर में तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जो फरवरी के लिहाज से काफी अधिक है। हालांकि, राजस्थान के ही फतेहपुर सीकर में न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री रहने से रातें अब भी ठंडी बनी हुई हैं।
उत्तर प्रदेश और बिहार में कोहरे का डबल अटैक
यूपी और बिहार के मैदानी इलाकों में सुबह-शाम कोहरे का असर देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में अगले 48 घंटों में तापमान में मामूली गिरावट आ सकती है और कोहरा छाने का अलर्ट जारी किया गया है।
उधर बिहार के पटना, गया, जहानाबाद और पूर्णिया सहित कई जिलों में मध्यम से घना कोहरा रहने की चेतावनी दी गई है। पटना में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 16 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।
दिल्ली में प्रदूषण की मार, तमिलनाडु में भारी वर्षा का अनुमान
राजधानी दिल्ली में आज आसमान तो साफ रहेगा और धूप निकलेगी, लेकिन हवा की गुणवत्ता (AQI) 211 दर्ज की गई है, जो 'खराब' श्रेणी में आती है। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 28 डिग्री रहने की उम्मीद है। दूसरी तरफ, दक्षिण भारत के तमिलनाडु में 'भारी बारिश' की चेतावनी जारी की गई है।
बंगाल की खाड़ी में बन रहे कम दबाव के क्षेत्र के कारण कन्याकुमारी, तिरुनेलवेली और थूथुकुडी जैसे छह जिलों में व्यापक बारिश और गरज-चमक के साथ मौसम पलटने वाला है।
बिजली गिरने और ओलावृष्टि से बचने की सलाह
IMD ने बारिश वाले राज्यों के किसानों और आम जनता के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। तेज हवाओं और 55 किलोमीटर की रफ्तार वाले तूफान के दौरान ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने को कहा गया है।
पहाड़ी राज्यों जैसे हिमाचल और उत्तराखंड में बारिश के साथ ओलावृष्टि की भी संभावना है, जिससे यातायात और फसलों पर असर पड़ सकता है।