Sreeleela graduates: फिल्म इंडस्ट्री में अपनी बेहतरीना अदाकारी और डांस के लिए पहचानी जाने वाली अभिनेत्री श्रीलीला ने अब एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। छह साल तक फिल्मों की शूटिंग और मेडिकल की पढ़ाई को साथ लेकर चलने के बाद उन्होंने मेडिकल डिग्री हासिल कर ली है। श्रीलीला ने हाल ही में अपनी एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी कर ग्रेजुएशन कर लिया है।
श्रीलीला ने पूरी की मेडिकल की पढ़ाई
10 फरवरी को मुंबई के डीवाई पाटिल यूनिवर्सिटी में आयोजित दीक्षांत समारोह की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं जिसमें श्रीलीला को ग्रेजुएशन सेरेमनी में देखा जा सकता है।
एक वीडियो में अभिनेत्री को डॉक्टर की शपथ लेते हुए देखा जा सकता है। साउथ फिल्म ट्रेड एक्सपर्ट रमेश बाला ने एक्स पर श्रीलीला के मेडिकल डिग्री पूरी करने की जानकारी दी। उन्होंने ट्वीट किया, "अभिनेत्री श्रीलीला ने आधिकारिक तौर पर अपनी मेडिकल डिग्री पूरी कर ली है... इतनी कम उम्र में शिक्षा और सिनेमा दोनों को सफलतापूर्वक संतुलित करने का एक प्रेरणादायक उदाहरण।"
फिल्मी करियर के बीच की पढ़ाई
मनोरंजन जगत की भागदौड़ भरी जिंदगी के बीच मेडिकल जैसी कठिन पढ़ाई पूरी करना आसान नहीं होता। लगातार फिल्म शूट, प्रमोशन और ट्रैवल के बीच श्रीलीला ने अपनी पढ़ाई पर पूरा ध्यान बनाए रखा। यही वजह है कि उनकी यह उपलब्धि खास मानी जा रही है।
उनकी इस सफलता को युवा कलाकारों के लिए प्रेरणा के रूप में देखा जा रहा है, जो करियर और शिक्षा के बीच संतुलन बनाने की चुनौती का सामना करते हैं।
साउथ से पैन-इंडिया पहचान तक
श्रीलीला ने कन्नड़ और तेलुगु फिल्मों से अपने करियर की शुरुआत की थी और जल्द ही अपनी अदाकारी और स्क्रीन प्रेजेंस से दर्शकों का दिल जीत लिया। कम समय में उन्होंने पैन-इंडिया पहचान बना ली है और अब बॉलीवुड में भी उनके डेब्यू को लेकर उत्साह बढ़ रहा है।
वर्क फ्रंट की बात करें तो श्रीलीला जल्द ही अनुराग बसु की म्यूजिकल रोमांटिक ड्रामा फिल्म में कार्तिक आर्यन के साथ नजर आएंगी। इस प्रोजेक्ट को लेकर पहले से ही दर्शकों में काफी उत्सुकता है।