इन दिनों विक्रांत मैसी स्टारर फिल्म 12वीं फेल की खूब चर्चाएं हैं। दर्शक भी फिल्म को काफी पसंद कर रहे हैं। इसी बीच एक्टर ऋतिक रोशन ने भी फिल्म देख डाली है। जिसके बाद ऋतिक ने फिल्म, इसके कलाकारों और डायरेक्टर विधु विनोद चोपड़ा की जमकर तारीफ की है।

Hrithik Roshan praises 12th Fail Movie: बॉलीवुड एक्टर विक्रांत मैसी (Vikrant Messey) इन दिनों अपनी फिल्म '12वीं फेल' को लेकर खूब सुर्खियों में हैं। डायरेक्टर विधु विनोद चोपड़ा (Vidhu Vinod Chopra) के निर्देशन में बनी फिल्म '12वीं फेल' ऑडियंस द्वारा खूब पसंद की जा रही है। फैंस से लेकर बॉलीवुड के सेलिब्रिटीज़ तक फिल्म की खूब तारीफें कर रहे हैं। इसी बीच 'फाइटर' एक्टर ऋतिक रोशन (Hrithik Rosahn) ने भी 12वीं फेल की समीक्षा की है।

ऋतिक रोशन ने देखी '12वीं फेल'
हाल ही में एक्टर ऋतिक रोशन ने बताया है कि उन्होंने '12वीं फेल' देखी। उन्होंने इसके निर्देशक विधु विनोद चोपड़ा की जमकर तारीफ भी की है। ऋतिक ने बताया कि उन्होंने अपने व्यस्त शेड्यूल से कुछ समय निकाला और फिल्म देखी जिससे वह काफी प्रेरित भी हुए हैं। फिल्म देखने के बाद ऋतिक ने सोशल मीडिया पर फिल्म और इसके कलाकारों की जमकर तारीफ की है। उन्होंने इस फिल्म को मास्टरक्लास बताते हुए कहा कि वह इससे काफी इन्सपायर हुए हैं।

ऋतिक ने की फिल्म की तारीफ
ऋतिक ने सोशल मीडिया पर '12वीं फेल' को लेकर तारीफों के पुल बांध दिए हैं। उन्होंने अपने एक्स अकाउंट (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, "आखिरकार '12वीं फेल' देखी। यह फिल्म एक मास्टरक्लास है। बाकी सब चीजों से परे, मैं साउंड और साउंड इफेक्ट्स के इस्तेमाल से काफी प्रेरित हुआ हूं... क्योंकि ये दृश्यों को बेहतर निखार के साथ दिखाते हैं। फिल्म में कलाकारों ने शानदार प्रदर्शन किया है। क्या फिल्म है! मिस्टर (विधु विनोद) चोपड़ा, अपनी प्रतिभा (दिखाने) के लिए धन्यवाद। मैं इससे बहुत प्रेरित हुआ हूं।"

12वीं फेल की स्टार कास्ट 
आपको बता दें, फिल्म '12वीं फेल' की कहानी आईपीएस अधिकारी मनोज कुमार शर्मा के जीवन पर आधारित है। फिल्म में दिखाया गया है कि कैसे एक गरीब परिवार का व्यक्ति समाज के बंधनों से लड़कर आईपीएस बनने का अपना सपना पूरा करता है। इस फिल्म में मनोज शर्मा का किरदार एक्टर विक्रांत मैसी ने निभाया है तो वहीं मेधा शंकर, अनंत वी जोशी, अंशुमान पुष्कर और प्रियांशु चटर्जी भी अहम भूमिका में हैं।